वैशाली की तीन बेटियों का बिहार बालिका फुटबॉल टीम में चयन, साक्षी बनीं उपकप्तान और अंशा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

बिहार बालिका फुटबॉल टीम में वैशाली की तीन बेटियों को जगह मिली है। साक्षी पटेल उपकप्तान बनीं और अंशा को मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Hajipur News : बिहार बालिका फुटबॉल टीम में वैशाली की तीन बेटियों का चयन जिले के लिए गौरव की बात है. साक्षी पटेल को बिहार टीम का उपकप्तान बनाया गया है, जबकि राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी अंशा को टीम की मुख्य कोच की जिम्मेदारी मिली है. टीम में वैशाली की वैभवी कुमारी और अर्शी कुमारी का भी चयन हुआ है.

आंध्र प्रदेश के लिए रवाना हुई बिहार की टीम

ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के तत्वावधान में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 10 सितंबर से अंडर-17 बालिका वर्ग की राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी. प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बिहार की टीम आंध्र प्रदेश के लिए रवाना हो गयी है. बिहार टीम अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को खेलेगी.

प्रतियोगिता सह प्रशिक्षण शिविर से हुआ खिलाड़ियों का चयन

बिहार फुटबॉल संघ के अध्यक्ष रविन्द्र प्रसाद सिंह ने बुधवार को इसकी जानकारी मीडिया को दी. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम का चयन बेगूसराय में आयोजित प्रतियोगिता सह प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से किया गया था. शिविर में चयनित खिलाड़ी ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.

साक्षी पटेल बनीं बिहार टीम की उपकप्तान

बिहार टीम की कप्तानी सीवान की पिंकी कुमारी को सौंपी गयी है, जबकि वैशाली की साक्षी पटेल को उपकप्तान बनाया गया है. साक्षी के उपकप्तान बनने से जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी है.

राष्ट्रीय खिलाड़ी अंशा को मिली मुख्य कोच की जिम्मेदारी

वैशाली की रहने वाली राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी अंशा को बिहार टीम का मुख्य कोच बनाया गया है. टीम मैनेजर की जिम्मेदारी वर्षा रानी को दी गयी है. खिलाड़ी के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के बाद अंशा को अब टीम के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की जिम्मेदारी मिली है.

बिहार टीम में शामिल हैं ये खिलाड़ी

बिहार टीम में वैशाली की वैभवी कुमारी और अर्शी कुमारी, मुजफ्फरपुर की मुस्कान कुमारी और चांदनी कुमारी, सीवान की अंजली कुमारी, रौशनी कुमारी, रंजना कुमारी, अंशु कुमारी, पारो कुमारी, पिंकी कुमारी और सविता कुमारी शामिल हैं.

इसके अलावा बेगूसराय की साक्षी कुमारी और जानती कुमारी, एकलव्य सेंटर की सुमन कुमारी और पूजा कुमारी, दानापुर की लक्की कुमारी, सारण की रिया कुमारी तथा नरकटियागंज की प्रिया कुमारी और मुस्कान कुमारी को भी टीम में जगह मिली है.

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार के प्रदर्शन पर टिकी नजर

बिहार की बालिका टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के इरादे से आंध्र प्रदेश पहुंची है. टीम में वैशाली की खिलाड़ियों और मुख्य कोच अंशा की मौजूदगी से जिले के खेल जगत में उत्साह है. अब सभी की नजर 10 सितंबर से शुरू होने वाली प्रतियोगिता में बिहार टीम के प्रदर्शन पर है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गोपाल कुमार राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >