Hajipur News : बिहार में बिजली उपभोक्ताओं के लिए समय आधारित बिजली दर प्रणाली (Time of Day-TOD) 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है. इसके बावजूद क्षेत्र के बड़ी संख्या में उपभोक्ता अब भी इस व्यवस्था से अनजान हैं. जानकारी के अभाव में अधिकांश लोग पहले की तरह ही बिजली का उपयोग कर रहे हैं, जबकि समय के अनुसार बिजली की खपत कर हर महीने बिजली बिल में अच्छी-खासी बचत की जा सकती है.
किस समय मिलेगी सस्ती और महंगी बिजली
नई व्यवस्था के तहत सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली अपेक्षाकृत सस्ती दर पर उपलब्ध होगी. वहीं शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक पीक आवर्स होने के कारण बिजली की दर अधिक रहेगी. इसके अलावा रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक सामान्य दरें लागू रहेंगी. यह व्यवस्था बिहार विद्युत विनियामक आयोग के 18 मार्च 2026 के आदेश के तहत लागू की गई है.
125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना में कोई बदलाव नहीं
राज्य सरकार की 125 यूनिट प्रतिमाह मुफ्त बिजली योजना पहले की तरह जारी रहेगी. इसके अलावा कृषि उपभोक्ताओं को मिलने वाली रियायतों में भी किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है.
इन उपायों से हर महीने कर सकते हैं बिजली बिल में बचत
कनीय विद्युत अभियंता ई. आदर्श ने बताया कि उपभोक्ता यदि वॉशिंग मशीन, इस्त्री, पानी की मोटर, गीजर, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग जैसे अधिक बिजली खपत वाले कार्य दिन के सस्ते समय में करें तथा शाम 5 बजे से रात 11 बजे के बीच एसी, इस्त्री और अन्य भारी विद्युत उपकरणों का उपयोग सीमित रखें, तो बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत की जा सकती है.
पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों को मिलेगा अतिरिक्त फायदा
उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना से जुड़े उपभोक्ताओं को इस नई व्यवस्था का अतिरिक्त लाभ मिल सकता है. जिन घरों में ग्रिड से जुड़े रूफटॉप सोलर संयंत्र लगे हैं, वे दिन के समय सौर ऊर्जा से उत्पादित अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर बिजली यूनिट जमा कर सकते हैं. इन संचित यूनिटों का उपयोग शाम के महंगे समय में किया जा सकता है, जिससे बिजली बिल और कम हो जाएगा.
बिजली बचाने के आसान और प्रभावी उपाय
बिजली विभाग के अनुसार एलईडी बल्बों का उपयोग, इन्वर्टर की बैटरी को दिन के समय चार्ज करना, बिजली उपकरणों में टाइमर का इस्तेमाल करना तथा सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग करना बिजली की बचत के प्रभावी उपाय हैं. विभाग ने उपभोक्ताओं से समय आधारित बिजली दर प्रणाली की जानकारी लेकर उसके अनुसार बिजली का उपयोग करने की अपील की है.
