Hajipur News : (अभिषेक शाश्वत की रिपोर्ट) अमूमन समाज और थानों में ऐसे मामले सामने आते हैं जहां पत्नी अपने प्रेमी के साथ घर के जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाती है. लेकिन वैशाली जिले के हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र से एक बिल्कुल उलटा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति अपनी ही पत्नी के करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर चंपत हो गया. काफी खोजबीन के बाद थक-हारकर पीड़ित पत्नी ने नगर थाने में अपने पति के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है.
छत पर बैठी थी पत्नी, नीचे बक्सा खंगाल रहा था पति
घटना नगर थाना क्षेत्र के मीठा कुआं (वार्ड नंबर 15) की है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता रजनी कुमारी (पति- रोशन कुमार, मूल निवासी- ग्राम वीरपुर, थाना जुड़ावनपुर, वर्तमान निवासी- मीठा कुआं) ने बताया कि बीते 25 मई की शाम करीब 7:00 बजे वह अपने घर की छत पर बैठी हुई थी.
इसी बीच उसका पति रोशन कुमार चुपके से कमरे में दाखिल हुआ और बक्सा खोलकर उसमें रखे सारे कीमती जेवर समेट लिए. चोरी छिपे जेवर लेकर आरोपी पति घर से फरार हो गया. काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला.
जानिए… बक्से से क्या-क्या ले उड़ा पति
पीड़ित महिला द्वारा थाने में दी गई सूची के अनुसार, चोरी गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है. आरोपी पति बक्से से करीब 5 भर सोने का हार, करीब 3 भर सोने की चेन, मंगलसूत्र और 6 भर की सोने की अंगूठियां, दो पीस सोने का बाला, कान की बाली और झुमके, चांदी के पायल, पान का पत्ता और चांदी की कसेली लेकर भाग गया. महिला ने नगर थानाध्यक्ष से गुहार लगाई है कि कानूनी कार्रवाई करते हुए उसके जेवर बरामद कराए जाएं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले की पुष्टि करते हुए नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार ने बताया महिला के द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. महिला का आरोप है कि उसका पति करीब 40 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हुआ है. पुलिस मामले की सत्यता की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : वैशाली में रसोई गैस संकट गहराया : स्टॉक घटा, होम डिलीवरी भी ठप हुआ
