Hajipur News: स्नातक में नामांकन की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू), मुजफ्फरपुर ने एक बार फिर स्नातक नामांकन पोर्टल खोलने का निर्णय लिया है. अब छात्र-छात्राएं 29 जुलाई से 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन किया है, उन्हें भी इस अवधि में अपने आवेदन में आवश्यक संशोधन करने का अवसर मिलेगा. पोर्टल बंद होने के बाद विश्वविद्यालय द्वारा अगली मेरिट सूची जारी की जाएगी.
छात्रों से पहली प्राथमिकता देने की अपील
राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पटेढ़ी बेलसर की प्रभारी प्राचार्य डॉ. रेशमा सुल्ताना ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि आवेदन या संशोधन करते समय राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पटेढ़ी बेलसर को अपनी पहली प्राथमिकता अवश्य रखें. इससे उन्हें अपने क्षेत्र के सरकारी महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.
छह प्रमुख विषयों में होगा नामांकन
प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय में इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, हिन्दी एवं अंग्रेजी सहित छह प्रमुख विषयों में स्नातक स्तर पर नामांकन लिया जाएगा. इच्छुक छात्र-छात्राएं अपनी रुचि के अनुसार इनमें से किसी एक विषय का चयन कर आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन और संशोधन का अंतिम अवसर
डॉ. रेशमा सुल्ताना ने कहा कि जिन विद्यार्थियों का अब तक आवेदन नहीं हो सका है या जिन्होंने कॉलेज की प्राथमिकता सही नहीं भरी है, उनके लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है. उन्होंने छात्रों से समय रहते आवेदन या आवश्यक संशोधन करने की अपील की, ताकि मेरिट सूची में शामिल होने की संभावना बढ़ सके. उन्होंने क्षेत्र के सभी छात्र-छात्राओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और उच्च शिक्षा की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाने का आह्वान किया.
Also Read: तेज प्रताप यादव की जेल से रिहाई पर गुस्से में छात्र, बोले- यहां वीआईपी कल्चर चल रहा
