हाजीपुर की ट्रैफिक व्यवस्था बेहाल, सड़क पर ठेले-ऑटो और अवैध पार्किंग का कब्जा; रोज लग रहा जाम

हाजीपुर शहर में स्ट्रीट वेंडरों और ई-रिक्शा चालकों के अवैध कब्जे से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। प्रशासन की उदासीनता के कारण आम लोगों को भारी जाम झेलना पड़ रहा है।

Hajipur News : शहर की ट्रैफिक व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमरा गयी है. सड़कों और फुटपाथों पर स्ट्रीट वेंडरों का कब्जा, सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा और ऑटो तथा अवैध पार्किंग के कारण लोगों को दिनभर जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है. गांधी चौक से लेकर स्टेशन चौक तक प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ने के बावजूद व्यवस्था सुधारने को लेकर ठोस पहल नहीं हो रही है. इसका असर राहगीरों के साथ दुकानदारों और व्यवसायियों पर भी पड़ रहा है.

प्रमुख चौक-चौराहों पर दिनभर जाम

गांधी चौक, राजेंद्र चौक, त्रिमूर्ति चौक, गुदरी रोड, सिनेमा रोड और स्टेशन चौक पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. कई जगह सड़क के किनारे ठेला और खोमचा लगाने के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है. वहीं ई-रिक्शा और ऑटो चालक भी सवारी बैठाने के लिए सड़क पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं.

अवैध पार्किंग से और संकरी हो जाती हैं सड़कें

शहर में अवैध पार्किंग भी ट्रैफिक व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या बन गयी है. लोग सड़क किनारे वाहन खड़ा कर खरीदारी करने चले जाते हैं. इससे पहले से व्यस्त सड़कें और संकरी हो जाती हैं. त्रिमूर्ति चौक, गांधी चौक, समाहरणालय गेट, अनवरपुर चौक, अस्पताल रोड और स्टेशन चौक के आसपास स्ट्रीट वेंडरों के कारण भी यातायात प्रभावित होता है.

सबसे ज्यादा परेशानी अस्पताल रोड पर होती है. जाम के कारण कई बार मरीजों को लेकर पहुंचने वाली एंबुलेंस भी रास्ते में फंस जाती है.

पुलिस की मौजूदगी में भी सड़क पर खड़े रहते हैं ऑटो

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई चौक-चौराहों पर पुलिस की तैनाती के बावजूद ई-रिक्शा और ऑटो चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारियों का इंतजार करते हैं. इससे यातायात बाधित होता है. लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस की ओर से नियमित कार्रवाई नहीं होने के कारण वाहन चालकों और वेंडरों का मनोबल बढ़ रहा है.

हालांकि ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अवैध पार्किंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और वाहनों का चालान भी काटा जा रहा है.

सड़क किनारे अवैध रूप से खडा ऑटो व ई-रिक्शा | Prabhat Khabar Network

जगह उपलब्ध, फिर भी सड़क पर कब्जा

सड़कों से स्ट्रीट वेंडरों को हटाने के लिए नगर परिषद ने एसडीओ रोड मोड़ के पास जगह चिह्नित की थी. लेकिन अब तक वेंडरों को वहां शिफ्ट नहीं किया जा सका है. नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार चिह्नित स्थल पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है.

जल्द शिफ्ट होंगे वेंडर : ईओ

नगर परिषद के ईओ सुशील कुमार दास ने बताया कि एसडीओ रोड मोड़ के पास स्ट्रीट वेंडरों के लिए जगह का निरीक्षण किया गया है. वहां मौजूद अतिक्रमण को हटाया जाएगा. इसके बाद मछली, फल और फूड स्ट्रीट वेंडरों को अलग-अलग तीन रॉ में शिफ्ट किया जाएगा. इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है और जल्द अभियान चलाया जाएगा.

नगर परिषद के सहयोग की जरूरत : ट्रैफिक पुलिस

यातायात थाना प्रभारी सुजीत मिश्रा ने बताया कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों का चालान भी काटा जा रहा है. उन्होंने कहा कि नगर परिषद से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण कार्रवाई में परेशानी होती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गोपाल कुमार राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >