वैशाली: श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर

वैशाली में आगामी श्रावणी मेला 2026 के सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधाएँ और कावंरिया पथ की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया.

Hajipur Shravani Mela: समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आगामी श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर डीएम वर्षा सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में एसपी शुभांक मिश्रा के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पदाधिकारी शामिल हुए. इस दौरान मेले को लेकर सभी प्रकार की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं और समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया.

कांवरिया पथ की सुविधाओं पर विशेष जोर

बैठक में कांवरिया पथ पर प्रकाश व्यवस्था, सुगम आवागमन, ट्रैफिक प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.

सभी विभाग समन्वय के साथ निभाएं जिम्मेदारी

डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि मेला क्षेत्र एवं कांवरिया पथ पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा तथा आवश्यक नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता

एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी. भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने, संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्ती एवं सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का निर्देश दिया.

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा नियंत्रण कक्ष के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया.

साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की होगी विशेष व्यवस्था

डीएम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र, शिवालयों एवं कांवरिया मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, कचरा निष्पादन एवं फॉगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके अलावा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं सुरक्षित विद्युत व्यवस्था बनाए रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, चिकित्सकीय दल, आवश्यक दवाओं एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए.

बैठक में डीडीसी कुंदन कुमार, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, एसडीओ, एसडीपीओ, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek shaswat

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >