Hajipur News : सदर थाना पुलिस ने टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर दिग्घी खुर्द इलाके में लूटपाट, मारपीट और चाकूबाजी की वारदात को अंजाम देने का आरोप है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को दबोच लिया.
गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिग्घी खुर्द निवासी मंटू कुमार के रूप में हुई है. एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि मंटू कुमार अपने घर के पास आया हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
पिस्टल दिखाकर लूट, विरोध करने पर किया चाकू से हमला
एसपी ने बताया कि यह घटना 17 अक्टूबर 2024 की है. मंटू कुमार अपने साथियों के साथ दिग्घी स्थित रामदेव चौक के पास घात लगाकर बैठा था. इसी दौरान नील राज की मोटरसाइकिल रोककर पिस्टल दिखाते हुए उसे धमकाया गया. विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे नील राज के कान पर गंभीर चोट लगी. इसके बाद नकदी, आभूषण और मोटरसाइकिल लूटकर आरोपी फरार हो गए थे.
जेल भेजा गया आरोपी, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
गुरुवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और मेडिकल जांच पूरी करने के बाद मंटू कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
