hajipur news. तेंदुआ देखे जाने की अफवाह से हड़कंप, रेंजर ने फिशिंग कैट बताया

लालगंज थाना से सटे निबंधन कार्यालय परिसर में शुक्रवार की रात बिल्ली जैसा दिखने वाला जानवर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया

लालगंज नगर. लालगंज थाना से सटे निबंधन कार्यालय परिसर में शुक्रवार की रात बिल्ली जैसा दिखने वाला जानवर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. फुटेज सामने आने के बाद लोगों ने उसे तेंदुआ समझ लिया, जिससे पूरे इलाके में तेंदुआ दिखने की चर्चा फैल गई. इस अफवाह के कारण क्षेत्र में हड़कंप मच गया और डर के माहौल में लोग घरों में दुबके रहे. कई लोगों ने उस इलाके की ओर जाना भी छोड़ दिया. सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया और इंटरनेट पर तेजी से वायरल होने लगा. वायरल वीडियो के आधार पर लालगंज थाना और निबंधन कार्यालय के अधिकारियों ने मामले की जानकारी वन विभाग को दी. सूचना मिलने के बाद शनिवार को वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की. इस संबंध में वन विभाग लालगंज के रेंजर सुनील कुमार ने बताया कि निबंधन कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच में स्पष्ट हुआ है कि वह जानवर तेंदुआ नहीं, बल्कि बिल्ली की प्रजाति का जीव है, जिसे स्थानीय भाषा में ‘बन बिलार’ कहा जाता है. इसे फिशिंग कैट भी कहा जाता है, जो आमतौर पर पोखर, तालाब और जलाशयों के आसपास पाया जाता है तथा मछलियां खाता है. रेंजर ने बताया कि लोगों ने भ्रमवश उसे तेंदुआ समझ लिया, जिससे अनावश्यक डर का माहौल बन गया. उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वन्यजीव की सूचना तुरंत प्रशासन या वन विभाग को दें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAHUL RAY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >