Hajipur News: बिदुपुर अंचल कार्यालय परिसर से बुधवार को चोरों ने एक राजस्व कर्मी की बाइक चोरी कर ली. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है.
पीड़ित राजस्व कर्मी चंद्रदीप कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि बुधवार को उन्होंने अपनी बाइक अंचल कार्यालय परिसर में खड़ी की और कार्यालय के कार्य से अंदर चले गए. काम समाप्त होने के बाद जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक वहां नहीं थी. काफी खोजबीन के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी.
एक सप्ताह में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाएं
बिदुपुर क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के दौरान बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं. एक सप्ताह पूर्व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर से एक स्वास्थ्यकर्मी की बाइक चोरी हो गई थी. वहीं बीते सप्ताह विशनपुर राजखंड गांव में भाजपा नेता मदनेश सिंह के घर के समीप से मथुरा निवासी पूर्व उपसरपंच की बाइक भी चोर चोरी कर ले गए थे.
प्रखंड मुख्यालय से बाजार तक सक्रिय है बाइक चोर गिरोह
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड मुख्यालय, बिदुपुर बाजार, चकौसन, चकसिकंदर हाट और आसपास के क्षेत्रों में बाइक चोर गिरोह सक्रिय है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत और नाराजगी है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने और बाइक चोर गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है. मामले की छानबीन की जा रही है. आसपास के संभावित सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाइक चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
