hajipur news. जनप्रतिनिधि व अधिकारी मिलकर प्रगति को दें और गति : प्रभारी मंत्री

जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (बीस सूत्री) की बैठक बुधवार को समाहरणालय सभागार में संपन्न हुई, बैठक की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री सह ऊर्जा, योजना एवं विकास मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने की

हाजीपुर. जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (बीस सूत्री) की बैठक बुधवार को समाहरणालय सभागार में संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री सह सरकार के ऊर्जा , योजना एवं विकास मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने की. बैठक में सबसे पहले डीएम यशपाल मीणा ने मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए बताया कि जिले में सरकार के तीन विशेष अभियान महिला संवाद, डा. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान तथा आपका शहर, आपकी बात का संचालन सुचारू ढंग से हो रहा है और इसमें लोग बड़ी तादाद में हिस्सा ले रहे हैं. इन्होंने बताया कि अभी जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए भी विशेष अभियान चल रहा है.

बैठक में पीपीटी के माध्यम से उप विकास आयुक्त (डीडीसी) कुंदन कुमार ने जिले में विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं तथा पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की. बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियो ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं जैसे स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति, डाक्टरों की कमी, बिजली आपूर्ति, नल-जल योजना, पीएम आवास योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, सम्राट अशोक भवन निर्माण आदि विषयों को बैठक में उठाया.

विकास कार्यों पर जताया संतोष

बैठक में प्रभारी मंत्री ने सभी सदस्यों से कहा कि संबंधित बिंदुओं को लिखित रूप में डीएम को सौंपें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके. बैठक में स्वास्थ्य, ऊर्जा, शिक्षा, परिवहन, पंचायती राज, समाज कल्याण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण सहित सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई. इस दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा वैशाली जिला में विकास कार्यों की प्रगति पर संतोष जताया गया. इन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर प्रगति को और गति दें, ताकि जिले का चहुंमुखी विकास हो सके.

बैठक में वैशाली सांसद बीना देवी, हाजीपुर विधायक अवधेश कुमार सिंह, वैशाली विधायक सिद्धार्थ पटेल, राजापाकड़ विधायक प्रतिमा कुमारी, महनार विधायक बीना सिंह, महुआ विधायक डा. मुकेश रौशन, लालगंज विधायक संजय कुमार सिंह, पातेपुर विधायक लखेंद्र रौशन, विधान परिषद सदस्य बंशीधर बृजवासी सहित नगर निकायों के कई जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

बैठक में पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा, अपर समाहर्ता विनोद कुमार सिंह, सिविल सर्जन डा. श्यामनंदन प्रसाद, जिला योजना पदाधिकारी नीरज समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे. जनप्रतिनिधियों ने भी जिले में हो रही प्रगति पर संतोष व्यक्त करने के साथ अपने क्षेत्र की समस्याओं और जरुरतों को भी बैठक में रखा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >