महुआ में रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी के घर चोरी, 3 लाख नकद समेत 20 लाख के जेवर ले गये

महुआ थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी के घर से चोरों ने लगभग 23 लाख रुपये की संपत्ति उड़ा ली. इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से गश्ती बढ़ाने की मांग की है.

Railway Employee Theft: महुआ थाना क्षेत्र के फतहपुर पकरी पंचायत अंतर्गत चांदसराय गांव में चोरों ने सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी के घर को निशाना बनाते हुए करीब 23 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. चोरों ने वेंटिलेटर के सहारे घर में प्रवेश किया और गोदरेज, बक्सा व अटैची का लॉक तोड़कर करीब 3 लाख रुपये नकद तथा लगभग 20 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिये.

सुबह चार बजे पत्नी को हुई चोरी की जानकारी

जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 9 निवासी समस्तीपुर जिले से सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी संतलाल सहनी के घर शुक्रवार की रात चोरी हुई. चोरी की जानकारी शनिवार की सुबह करीब 4 बजे उनकी पत्नी राम सिंगारी देवी के जागने पर हुई. घर के दरवाजे खुले मिले और विभिन्न कमरों में सामान बिखरा पड़ा था. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया. आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गये. बाद में महुआ थाना को सूचना दी गयी.

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच

थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने परिजनों तथा आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की.

पत्नी, पुत्रवधू और पुत्री के आभूषण चोरी

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी किये गये आभूषणों में संतलाल सहनी की पत्नी राम सिंगारी देवी, पुत्रवधू पिंकी देवी और पुत्री के आभूषण शामिल हैं. परिवार के अनुसार, नकदी और आभूषण समेत करीब 23 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है.

पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने से चोरों का मनोबल बढ़ रहा है. इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि चोरी की सूचना पर पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजकर जांच करायी गयी है. आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दिलीप कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >