Hajipur News : हाजीपुर में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डाक विभाग, वैशाली मंडल की ओर से शुक्रवार को हर घर तिरंगा प्रभातफेरी निकाली गयी. राजेंद्र चौक स्थित प्रधान डाकघर परिसर से निकली प्रभातफेरी की शुरुआत वंदे मातरम गीत के साथ हुई. हाथों में तिरंगा लेकर डाककर्मियों और स्थानीय लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए.
प्रमुख मार्गों से गुजरी प्रभातफेरी
डाक अधीक्षक राजीव कुमार के नेतृत्व में प्रभातफेरी प्रधान डाकघर से निकलकर राजेंद्र चौक, सिनेमा रोड, यादव चौक, अनवरपुर चौक, डाकबंगला रोड, गांधी चौक और कचहरी रोड होते हुए गुजरी. निरीक्षक डाकघर तबरेज आलम, पोस्टमास्टर विनोद कुमार, डाक कर्मचारी, ग्रामीण डाक सेवक और स्थानीय लोग इसमें शामिल हुए.
डाक सेवाओं के प्रति किया जागरूक
प्रभातफेरी के दौरान राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति के संदेश के साथ लोगों को डाक विभाग की आधुनिक सेवाओं, मेल उत्पादों, वित्तीय सेवाओं और जीवन बीमा योजनाओं की जानकारी दी गयी. आम लोगों के बीच विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित बुकलेट भी वितरित किए गए.
हर परिवार तक पहुंचाने का लक्ष्य
डाक अधीक्षक राजीव कुमार ने कहा कि डाकघर वित्तीय समावेशन का मजबूत माध्यम है. प्रभातफेरी के माध्यम से विभाग का उद्देश्य है कि वैशाली का हर परिवार गर्व से तिरंगा फहराने के साथ अपनी वित्तीय सुरक्षा के लिए नागरिक केंद्रित सेवाओं और जीवन बीमा योजनाओं का भी लाभ उठाए. प्रभातफेरी का समापन प्रधान डाकघर परिसर में हुआ. यहां डाककर्मियों और उपस्थित लोगों ने पूरी निष्ठा के साथ राष्ट्र और नागरिकों की सेवा करने का सामूहिक संकल्प लिया.
