Hajipur News : हाजीपुर शहर में शाम ढलते ही सक्रिय होने वाले उचक्कों, मनचलों और आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. एसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर नगर थाना क्षेत्र में संध्याकालीन पैदल गश्ती शुरू की गई है. शाम के समय पुलिसकर्मियों के सड़कों पर पैदल मार्च करने से बाजार क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ गई है. इससे आम लोगों और दुकानदारों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है.
दो पालियों में बांटी गई पुलिस की ड्यूटी
गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नगर थाना में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की ड्यूटी दो अलग-अलग पालियों में लगाई गई है. प्रत्येक गश्ती दल में एक पुलिस पदाधिकारी के अलावा महिला और पुरुष कांस्टेबल शामिल रहते हैं. टीम निर्धारित इलाकों में पैदल गश्ती करती है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखती है. जरूरत पड़ने पर मौके पर तत्काल कार्रवाई के लिए टीम को तैयार रखा जाता है.
इन प्रमुख इलाकों में हो रही पैदल गश्ती
पुलिस की टीम शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त कर रही है. इसमें गुदरी रोड, राजेंद्र चौक, यादव चौक, अमरपुर चौक, सुभाष चौक और मरई चौक सहित अन्य प्रमुख बाजार और चौक-चौराहे शामिल हैं. शाम के समय इन इलाकों में काफी भीड़ रहती है. ऐसे में पैदल गश्ती के जरिए पुलिस संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर सीधे नजर रख रही है. विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहन जांच भी की जा रही है.
महिलाओं और दुकानदारों को राहत
शाम के समय बाजार से खरीदारी कर घर लौटने वाली महिलाओं, बुजुर्गों और कारोबारियों के बीच पुलिस की इस पहल को लेकर सकारात्मक माहौल है. सड़क पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से मनचलों और उचक्कों पर भी दबाव बढ़ा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित पैदल गश्ती होने से छोटी-मोटी आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.
अन्य थाना क्षेत्रों में भी गश्ती की मांग
नगर थाना क्षेत्र में पैदल गश्ती शुरू होने के बाद अब सदर, गंगा ब्रिज और औद्योगिक थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने की मांग उठ रही है. स्थानीय लोगों और व्यवसायियों का कहना है कि शहर से जुड़े सभी प्रमुख इलाकों में पुलिस की पैदल गश्ती होने से अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से नजर रखी जा सकेगी. खासकर शाम और रात के समय बाजार, मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने की जरूरत बताई जा रही है.
क्या कहते हैं एसपी
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि शाम के समय नगर थाना की पुलिस पैदल गश्ती करती है. इसमें पुलिस पदाधिकारी और कांस्टेबल शामिल रहते हैं. गश्ती के दौरान विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहन जांच भी की जाती है और पूरे शहर में पुलिस की निगरानी रहती है. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द जिले के तमाम थाना क्षेत्रों में भी पैदल गश्ती शुरू की जाएगी.
