Hajipur Crime News : लालगंज. लालगंज थाना क्षेत्र के खरौना गांव निवासी 55 वर्षीय रामबाबू सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. 18 अगस्त को हुई हत्या के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने नामजद आठ आरोपितों में से छह के घर इश्तेहार चस्पा किया है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद फरार आरोपितों में हड़कंप मचा हुआ है.
बाजार जाने के दौरान चाकू से किया था हमला
मालूम हो कि 18 अगस्त की शाम रामबाबू सिंह पूजा का सामान खरीदने के लिए घर से बाजार निकले थे. इसी दौरान लालगंज बाइपास रोड स्थित सब्जी मंडी के पास बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया था. हमलावरों ने उनके शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किया था.
हमले में रामबाबू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये थे. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी थी.
शव रखकर मुख्य मार्ग किया था जाम
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रामबाबू सिंह का शव लालगंज-वैशाली मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे थे और परिजनों से घटना की जानकारी ली थी.
आठ लोगों पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मृतक के परिजन के बयान पर लालगंज थाना में आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. प्राथमिकी दर्ज होने के करीब एक महीने के भीतर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने फरार आरोपितों के खिलाफ इश्तेहार चस्पा करने की कार्रवाई शुरू की है.
छह आरोपितों के घर चस्पा किया इश्तेहार
थाना के एसआई हरि प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खरौना निवासी नटवर लाल, हीरालाल सिंह उर्फ सन्नी सिंह, नीतीश कुमार और मीना देवी तथा जैतीपुर गांव निवासी सोनू कुमार समेत छह नामजद आरोपितों के घर इश्तेहार चस्पा किया है. पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है.
