हाजीपुर: पॉक्सो के फरार आरोपित के घर कुर्की-जब्ती, दरवाजे-खिड़कियां तक उखाड़ ले गई पुलिस

बेलसर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के फरार आरोपित के घर की कुर्की की। पुलिस ने घर के दरवाजे-खिड़कियां उखाड़कर जब्त किए, इलाके में मचा हड़कंप।

Hajipur News : वैशाली जिले के पटेढ़ी बेलसर न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर फरार चल रहे पॉक्सो एक्ट के नामजद आरोपित के खिलाफ बेलसर पुलिस ने रविवार को सख्त कार्रवाई की. पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपित के घर की कुर्की-जब्ती की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घर के दरवाजे-खिड़कियों को लोहे के हथौड़े और रॉड से तोड़कर उखाड़ लिया और उन्हें भी जब्त कर लिया. पुलिस की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया.

इश्तहार चस्पा करने के बाद भी नहीं किया आत्मसमर्पण

पुलिस के अनुसार बेलसर थाना कांड संख्या 182/24 में मनोरा गांव निवासी मनीष कुमार नामजद आरोपित है. घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा है. न्यायालय के आदेश पर उसके घर पर इश्तहार चस्पा कर आत्मसमर्पण करने की नोटिस दी गई थी. इसके बावजूद आरोपित ने कानून के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं किया. इसके बाद न्यायालय के आदेश पर रविवार को उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई.

पलंग से लेकर गैस सिलेंडर और अनाज तक जब्त

कुर्की के दौरान पुलिस ने घर के अंदर रखे पलंग, चौकी, टेबल, कुर्सी, गैस सिलेंडर, बर्तन, अनाज समेत अन्य सामान जब्त कर लिया. घर के दरवाजे और खिड़कियों को भी हथौड़े और रॉड की मदद से तोड़कर उखाड़ लिया गया. कार्रवाई के दौरान एसआई मनीष कुमार ने खुद हथौड़ा चलाकर दरवाजे और खिड़कियां तोड़ीं.

पक्का मकान कार्रवाई के बाद दिखने लगा खंडहर जैसा

पुलिस की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के बाद आरोपित का पक्का मकान खंडहर जैसा नजर आने लगा. कार्रवाई को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. इस दौरान थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, एसआई मनीष कुमार, एसआई अनुराधा कुमारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा.

फरार आरोपितों को पुलिस का कड़ा संदेश

बेलसर पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपितों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि न्यायालय के आदेश की अनदेखी कर कानून से बचना आसान नहीं है. पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेश के तहत फरार आरोपितों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनय पटेल

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >