हाजीपुर में गांधी सेतु पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराया ऑटो; एक मजदूर की मौत, कई घायल

मंगलवार देर रात हाजीपुर के गांधी सेतु पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ. यात्रियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया, जिसमें 10 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई.

Hajipur Road Accident: गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के गांधी सेतु के पाया संख्या एक के पास मंगलवार की देर रात यात्रियों को लेकर हाजीपुर आ रहा ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गया. हादसे में ऑटो सवार दस मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गयी.

मृतक की पहचान बिदुपुर थाना क्षेत्र के दाउदनगर गांव निवासी 42 वर्षीय अजीत कुमार के रूप में हुई है. हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया.

मजदूरी कर घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

परिजनों ने बताया कि बिदुपुर थाना क्षेत्र से प्रतिदिन दर्जनों मजदूर पटना में मजदूरी करने जाते हैं. घटना वाले दिन अजीत कुमार भी अन्य मजदूरों के साथ पटना गया था. देर रात काम खत्म करने के बाद दस मजदूर ऑटो से घर लौट रहे थे. इसी दौरान गांधी सेतु के पाया संख्या एक के पास ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गया.

टक्कर के बाद ऑटो सवार सभी मजदूर घायल हो गये. घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी. लोगों ने गंगाब्रिज थाने की पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान अजीत कुमार की मौत हो गयी.

ऑटो और ट्रक जब्त, चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दीपक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और ट्रक को जब्त कर लिया. हालांकि, दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गये.

पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. अजीत कुमार को मृत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया.

परिजनों ने बताया कि अजीत अपने परिवार में कमाने वाला प्रमुख सदस्य था. वह छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था. उसके दो पुत्र हैं. वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत से पत्नी, बच्चों समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई करेगी पुलिस

गंगाब्रिज थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्ति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. मृतक के परिजनों की ओर से फिलहाल कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >