Hajipur Crime News : पटेढ़ी बेलसर में बर्थडे पार्टी से लौट रहे बेलसर पंचायत के मुखिया पुत्र प्रणव राज के साथ मंगलवार की रात बदमाशों द्वारा मारपीट करने और पिस्टल के बल पर करीब 65 हजार रुपये छीनने का मामला सामने आया है. घटना बेलसर थाना क्षेत्र की है. आरोप है कि पांच अज्ञात बदमाशों ने मुखिया के निजी एंबुलेंस का शीशा भी तोड़ दिया. मामले को लेकर मुखिया मुकेश गुप्ता ने बेलसर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है.
दुकान बंद कर बर्थडे पार्टी में गया था प्रणव
आवेदन के अनुसार, 11 अगस्त की रात करीब नौ बजे प्रणव राज बेलसर बाजार स्थित जनरल स्टोर बंद करने के बाद बर्थडे पार्टी में जाने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान मुखिया के निजी एंबुलेंस का चालक राहुल कुमार वहां पहुंचा. इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से बर्थडे पार्टी में चले गये. एंबुलेंस को दुकान पर ही खड़ा कर दिया गया.
एंबुलेंस से लौटते समय घेरने का आरोप
बर्थडे पार्टी से लौटने के बाद प्रणव राज मुखिया के निजी एंबुलेंस से घर जाने के लिए निकला. रात करीब 10:50 बजे एंबुलेंस स्टार्ट कर कुछ दूर आगे बढ़ते ही पांच अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उसे घेर लिया. आरोप है कि बदमाशों ने प्रणव के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी तथा पिस्टल का भय दिखाकर एंबुलेंस का शीशा तोड़ दिया.
पिस्टल दिखाकर 65 हजार रुपये छीनने का आरोप
आवेदन में बताया गया है कि बदमाशों ने दुकान की बिक्री के करीब 65 हजार रुपये पिस्टल का भय दिखाकर छीन लिये. किसी तरह प्रणव वहां से जान बचाकर भागा तो आरोपितों ने दो मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया. आरोप है कि बदमाशों ने हत्या की नीयत से उस पर हमला करने का भी प्रयास किया.
पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपित
घटना की सूचना मिलते ही रात में बेलसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपित फरार हो चुके थे. पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के साथ मामले की छानबीन शुरू कर दी है. आवेदन में घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान होने की संभावना जतायी गयी है.
एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई में जुटी पुलिस
बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है. आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जायेगी.
