hajipur news. बुआ से चेन छीनने का विरोध करने पर बदमाशों ने युवक को मारी गोली, पीएमसीएच रेफर

लालगंज थाना क्षेत्र में लालगंज-सराय मार्ग के रेपुरा बाइपास की घटना, रविवार को होने वाले दादी के श्राद्ध के लिए बाजार से खरीदारी कर लौटने के दौरान हुई वारदात

लालगंज नगर. लालगंज थाना क्षेत्र में लालगंज-सराय मार्ग के रेपुरा बाइपास पर एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने चेन छीनने का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी. गोली मारने के बाद बदमाश सराय की तरफ भाग निकले. बाद में स्थानीय लोगों की मदद से घायल को लालगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के लिए पहले सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया़ वहां युवक की गंभीर स्थिति देख पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर और फिर अस्पताल पहुंची.

कमर के ऊपर बायीं तरफ लगी गोली

घटना के संबंध में बताया जाता है कि करताहां थाना क्षेत्र के लौतन गांव के विपीन कुमार सिंह का बेटा गुलशन कुमार अपने बुआ और फूफा के साथ दादी आशा देवी के श्राद्धकर्म का सामान खरीदने लालगंज आया था. लालगंज बाजार से सामान खरीदकर ये लोग दो बाइक से अपने घर लौट रहे थे. आगे की बाइक पर उसके बुआ और फूफा थे और पीछे वाली गुलशन दूसरी बुआ के साथ घर जा रहा था. जैसे ही ये लोग रेपुरा चौक से आगे बढ़े. रेपुरा नहर के पहले एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने गुलशन के बाइक के आगे चल रही पिंकी देवी के गले से सोने का चेन छीनने का प्रयास किया. इसी क्रम में गुलशन पीछे से पहुंचकर विरोध किया और अपराधियों से उलझ गया. जिसके बाद बाइक सवार अपराधी ने कमर से पिस्टल निकालकर गुलशन को गोली मार दी. गोली गुलशन के कमर के ऊपर बायीं तरफ लगी. जिससे वह घायल होकर गिर गया और अपराधी सराय की तरफ भाग निकले.

गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग जुटे और लालगंज थाना को इसकी सूचना दी. अपराधियों द्वारा गोली मारने की सूचना पर लालगंज थाना पुलिस आनन फानन में घटनास्थल पर पहुंची और घायल को रेफरल अस्पताल पहुंचाया. गोली लगने की सूचना मिलते ही गुलशन के पिता समेत अन्य परिजन रेफरल अस्पताल पहुंचे. यहां चिकित्सक ने घायल का प्राथमिक उपचार कर सदर अस्पताल भेज दिया. लेकिन सदर अस्पताल से भी डाक्टर ने युवक को पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया.

सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा

गुलशन के पिता ने बताया की उनकी आशा देवी का रविवार को श्राद्धकर्म. गुलशन अपनी दो बुआ और फूफा के सांथ सामान खरीदकर लौट रहा था. इसी क्रम में घटना हुई. अपराधियों में से एक हेलमेट पहने था और पीछे वाला गमछा से मुंह ढंके हुए था. इस संबंध में पूछे जाने पर लालगंज सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने परिजनों के साथ पहुंचकर घायल को रेफरल अस्पताल मे भर्ती कराया. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमराें को खंगाला जा रहा है. जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >