Hajipur News : पटेढ़ी बेलसर प्रखंड के राजकीयकृत श्री रामाशीष उच्च माध्यमिक विद्यालय, बेलवर चोचहां में शनिवार को मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया. आयोजनकर्ता विनय कुमार सिंह की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में अमेरिका में कार्यरत एनआरआई इंजीनियर ई. मनोज कुमार देवाशीष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान वर्ष 2025-26 की मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह विद्यार्थियों को 'सती स्थान स्कॉलर अवार्ड' से सम्मानित किया गया.
नकद पुरस्कार के साथ मिला सम्मान
सम्मान समारोह में 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को 5-5 हजार रुपये की नगद राशि, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. इस अवसर पर 93 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले रवि कुमार सहित प्रिया कुमारी, गौरव कुमार, अर्चना कुमारी, रूबी कुमारी और आशुतोष कुमार को सम्मानित किया गया.
अपने विद्यालय लौटकर साझा किए अनुभव
मुख्य अतिथि ई. मनोज कुमार देवाशीष ने कहा कि उन्होंने आईआईटी मुंबई से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका में अपना करियर बनाया, लेकिन उनकी प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय से हुई. उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना अपनाने का आह्वान किया.
माता-पिता की स्मृति में शुरू किया पुरस्कार
ई. मनोज कुमार देवाशीष ने बताया कि उनके माता-पिता ने हर परिस्थिति में शिक्षा के लिए प्रेरित किया. उनकी पावन स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से 'सती स्थान स्कॉलर अवार्ड' की शुरुआत की गई है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का उत्साह देगा.
शिक्षकों और अतिथियों की रही मौजूदगी
समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अशोक कुमार राय ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षक सरफराज अहमद ने किया. इस अवसर पर हाईकोर्ट के अधिवक्ता संजय कुमार, शिप्रा, विनय कुमार सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे.
