दो साल पहले ही हुयी थी शादी, संदिग्ध स्थिति में विवाहिता का शव मिला, ससुराल वाले घर छोड़ फरार

राघोपुर के मीरमपुर गांव में विवाहिता का शव संदिग्ध स्थिति में मिला। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Hajipur Crime News : वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के मीरमपुर गांव में शुक्रवार को घर से एक विवाहिता का संदिग्ध स्थिति में शव मिलने से सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान मीरमपुर गांव निवासी बैजू राय की 21 वर्षीय पत्नी रानी देवी के रूप में हुई है. शव मिलने की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी.

ग्रामीणों ने घटना की सूचना मायके वालों को दी

ग्रामीणों ने घटना की सूचना मृतका के मायके वालों को दी. जानकारी मिलते ही मृतका के पिता, भाई और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. मायके वालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया.

पिता का आरोप- दहेज के लिए गला दबाकर की हत्या

मृतका के पिता पटना जिले के सिटी चौक थाना क्षेत्र के सोको कैयामा गांव निवासी दिलीप राय ने बताया कि उनकी बेटी रानी की शादी करीब दो साल पहले मीरमपुर गांव निवासी भूपेश राय के पुत्र बैजू राय से हुई थी. शादी के दौरान नगद रुपये और अन्य सामान उपहार के रूप में दिया गया था.

दहेज में मांग रहे थे दो लाख, गुरुवार रात मिली मौत की खबर

दिलीप राय का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे. रकम देने में असमर्थता जताने पर बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी. उन्होंने बताया कि गुरुवार रात ग्रामीणों से सूचना मिली कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गयी है. मौके पर पहुंचने पर बेटी का शव घर में पड़ा मिला. मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि दहेज की रकम नहीं देने के कारण ससुराल वालों ने उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी.

ससुराल वाले घर छोड़कर फरार

घटना के बाद से मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. मृतका का एक पुत्र भी है. वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी. विवाहिता की मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष में तनाव की स्थिति बनी हुई है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का होगा खुलासा

राघोपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवाहिता की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.

थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक शाश्वत

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >