वैशाली के सभी निजी स्कूलों में अनिवार्य होगी स्काउट-गाइड गतिविधि, विद्यार्थियों में विकसित होगी नेतृत्व और सेवा भावना

वैशाली के सभी निजी विद्यालयों में भारत स्काउट एवं गाइड का पंजीयन और यूनिट गठन अनिवार्य कर दिया गया है। इससे छात्रों में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा।

Hajipur News : हाजीपुर जिले के सभी निजी विद्यालयों में अब भारत स्काउट एवं गाइड वैशाली की गतिविधियों का संचालन अनिवार्य किया जाएगा. शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार सभी निजी विद्यालयों को भारत स्काउट एवं गाइड से अपना पंजीयन कराने के साथ विद्यालय में स्काउट एवं गाइड यूनिट का गठन करना होगा. इसके तहत विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को स्काउटिंग-गाइडिंग की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा.

सभी निजी विद्यालयों में बनेगी स्काउट-गाइड यूनिट

जिला शिक्षा विभाग ने जिले के सभी निजी विद्यालयों के प्राचार्य, निदेशक और प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी किया है. विद्यालयों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत भारत स्काउट एवं गाइड से पंजीयन कराने तथा स्काउट-गाइड यूनिट गठित करने को कहा गया है. इससे निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी नियमित रूप से स्काउटिंग-गाइडिंग गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा.

सरकारी स्कूलों में पहले से संचालित हो रही यूनिट

जिले के सभी सरकारी मध्य एवं उच्च विद्यालयों में पहले से ही भारत स्काउट एवं गाइड की यूनिट संचालित हो रही है. वहीं, कुछ निजी विद्यालय भी स्काउटिंग-गाइडिंग गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते रहे हैं. अब शिक्षा विभाग ने इस व्यवस्था का विस्तार करते हुए जिले के सभी निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को इससे जोड़ने का निर्णय लिया है.

अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का होगा विकास

स्काउटिंग-गाइडिंग गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है. इसके साथ ही बच्चों में सेवा भावना, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी बढ़ावा मिलता है.

प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन का मिलेगा प्रशिक्षण

स्काउटिंग-गाइडिंग के तहत विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण जैसे विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है. सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी भी दी जाएगी.

शैक्षणिक विकास के साथ व्यक्तित्व निर्माण पर जोर

अधिकारियों के अनुसार स्काउटिंग-गाइडिंग गतिविधियों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में भी मदद मिलेगी. गतिविधियों में नियमित भागीदारी से बच्चों में टीम भावना और जिम्मेदारी निभाने की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा.

हर विद्यालय में स्काउट-गाइड और हर विद्यार्थी में सेवा का लक्ष्य

जिला संगठन आयुक्त ऋतुराज ने कहा कि निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्काउटिंग-गाइडिंग से जोड़ना वैशाली में अनुशासित, जिम्मेदार और सेवाभावी नागरिक तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि हर विद्यालय में स्काउट-गाइड और हर विद्यार्थी में सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >