वैशाली में ससुराल जाने की बात कहकर निकला था युवक, सड़क किनारे मिली लाश; मौत की वजह पर उठे सवाल

वैशाली के बिदुपुर में एक युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. युवक दो दिन पहले ही ससुराल आया था और अब सड़क किनारे उसका शव मिला है. परिजनों ने ससुराल वालों पर खाने में ज़हर देकर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Suspicious Death: वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में सड़क किनारे छटपटा रहे एक युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी. मृतक राघोपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव निवासी शत्रुध्न राय का 30 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार था. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

स्थानीय लोगों के अनुसार, मधुरापुर भिंडा के पास ग्रामीण सड़क पर एक युवक करीब एक घंटे तक छटपटा रहा था. ग्रामीणों ने उसे पानी पिलाया और होश में लाने का प्रयास किया. होश में आने के बाद लोगों ने उसकी पहचान की और परिजनों व बिदुपुर थाने की पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा युवक को इलाज के लिए बिदुपुर सीएचसी में भर्ती कराया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

दो दिन पूर्व ससुराल आया था युवक

मृतक के ससुराल वालों ने बताया कि मनीष कुमार तीन दिन पूर्व पंजाब से घर लौटा था. इसके अगले दिन वह ससुराल आया था. वह पंजाब में निजी काम करता था. बुधवार की सुबह वह ससुराल से बाइक लेकर कहीं गया था. दिनभर उसका कोई पता नहीं चला और उसका मोबाइल भी बंद था. दोपहर में पुलिस ने मनीष के शव मिलने की सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे.

वहीं, मृतक के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर खाने में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि मनीष ससुराल जाने की बात कहकर दो दिन पूर्व घर से निकला था.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. पुलिस के अनुसार, मृतक के मुंह और नाक से झाग निकल रहा था. हालांकि, मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.

संदिग्ध मानकर पुलिस कर रही जांच

बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि सड़क किनारे एक युवक के पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को भेजा गया था. युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी गयी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.

इसे भी पढ़ें: Bihar Cabinet: स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड 5 साल बढ़ा, बेगूसराय में इंडस्ट्रियल एरिया और सीतामढ़ी में ROB मंजूर, बिहार कैबिनेट बैठक में 27 एजेंडों पर मुहर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >