Hajipur News : महुआ के मंगरू चौक स्थित शाही दरबार में आयोजित आनंद मार्ग प्रचारक संघ का तीन दिवसीय सेमिनार सह भक्तिमय कार्यक्रम रविवार को कीर्तन रथ यात्रा, प्रभात रैली और सामूहिक प्रार्थना सभा के साथ संपन्न हो गया. समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्ति के माहौल से सराबोर हो गया.
बाबा नाम केवलम के जयघोष से गूंजा इलाका
शुक्रवार से शुरू हुए इस सेमिनार का आयोजन आचार्य रामानंद कुमार, डॉ. कमलकांत देव साह, अरुण कुमार सिंह एवं डॉ. विनीत देव के संयुक्त नेतृत्व में किया गया था. अंतिम दिन आचार्य रुद्र प्रकाशानंद अवधूत के नेतृत्व में कीर्तन रथ के साथ प्रभात रैली निकाली गई, जिसने नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया. इस दौरान 'बाबा नाम केवलम' के जयघोष से पूरा इलाका गुंजायमान रहा.
हरसंभव सहायता करने का संकल्प लिया
प्रभात रैली के बाद कार्यक्रम स्थल पर सामूहिक प्रार्थना सभा आयोजित हुई. इसमें समस्तीपुर की गायिका मधुरिमा और चंद्रप्रकाश ने भक्तिमय प्रार्थना प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने पशु-पक्षियों को अपना मित्र मानने, जीव-जंतुओं की हत्या का विरोध करने, मांस, मछली और अंडे का सेवन नहीं करने, शाकाहारी जीवन अपनाने तथा जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता करने का सामूहिक संकल्प लिया.
कार्यक्रम की सफलता में राजीव कुमार, उमेश प्रसाद, माला कुमारी, संतोष राय, शिवजी साह, प्रवनेश नंद अवधूत, डॉ. अजय सिंह सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
