Hajipur News : महनार प्रखंड के सरमस्तपुर पंचायत के वार्ड संख्या-12 में बुधवार को वाया नदी पर बने स्लुईस गेट से पानी का तेज रिसाव होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है. लगातार हो रहे रिसाव के कारण आसपास के लोगों को एक बार फिर बांध टूटने का डर सताने लगा है. ग्रामीणों ने जल निस्सरण विभाग से तत्काल मरम्मत कार्य तेज करने की मांग की है.
तेज रिसाव से ग्रामीणों में बढ़ा बांध टूटने का डर
ग्रामीणों के अनुसार स्लुईस गेट से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है. पानी का रिसाव बढ़ने की स्थिति में बांध पर दबाव बढ़ने की आशंका जतायी जा रही है. इसी कारण आसपास के लोगों में भय का माहौल है और लोग किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं.
एक-दो मजदूरों से मरम्मत कराने का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थिति गंभीर होने के बावजूद जल निस्सरण विभाग के अभियंता मामले को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य होना चाहिए, वहां महज एक-दो मजदूरों के सहारे काम कराया जा रहा है. इससे विभाग की कार्यशैली और बाढ़ से निपटने की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं.
पहले भी टूट चुका है बांध और स्लुईस गेट
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले भी इसी स्थान पर बांध और स्लुईस गेट क्षतिग्रस्त होकर टूट गया था. उस समय जिला प्रशासन के निर्देश पर जल संसाधन विभाग के तत्कालीन सहायक अभियंता राम विनोद शर्मा ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया था. ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बाद भी स्थायी समाधान की दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठाये गये.
समय रहते रिसाव नहीं रुका तो बढ़ सकती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि पानी का रिसाव लगातार बढ़ता रहा और समय रहते इसे नियंत्रित नहीं किया गया, तो बांध पर दबाव बढ़ सकता है. इससे आसपास के क्षेत्रों में बड़ी समस्या उत्पन्न होने की आशंका है. लोगों ने विभाग के वरीय अधिकारियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने की मांग की है.
युद्धस्तर पर मरम्मत कराने की मांग
ग्रामीणों ने जल निस्सरण विभाग से स्लुईस गेट और बांध की स्थिति की गंभीरता से जांच कराने तथा आवश्यकतानुसार युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से संभावित खतरे को टाला जा सकता है.
