Hajipur Accused Escaped : वैशाली जिले के महनार में चोरी कांड के खुलासे के बाद पुलिस के लिए नई मुश्किल खड़ी हो गई है. चोरी के मामले में गिरफ्तार एक आरोपित पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया. घटना के बाद नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है और फरार आरोपित की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस अभिरक्षा में आरोपी फरार
दरअसल, महनार पुलिस जिस चोरी कांड के सफल उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी को हाल ही में अपनी बड़ी उपलब्धि बता रही थी, उसी मामले में अब गंभीर चूक सामने आई है. पुलिस अभिरक्षा में रखा गया एक आरोपित फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.
फरार आरोपित की हुई पहचान
फरार आरोपित की पहचान महनार थाना क्षेत्र के टांड़ा चौरी निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी अभिरक्षा के दौरान पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया. घटना के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
चलती गाड़ी से कूदकर भागने का आरोप
पुलिस के अनुसार गुरुवार को महनार थाना कांड संख्या 378/26 के अभियुक्त विकास कुमार, रघुनंदन कुमार उर्फ कारू और सूरज कुमार को रिमांड के लिए हाजीपुर न्यायालय ले जाया जा रहा था. इसी दौरान हाजीपुर स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास सूरज कुमार ने कथित तौर पर हथकड़ी सरकाकर पुलिसकर्मी बबलू कुमार को धक्का दिया और चलती गाड़ी से कूदकर भाग गया. पुलिसकर्मियों ने पीछा किया, लेकिन भीड़भाड़, घने यातायात और आबादी का लाभ उठाकर वह फरार होने में सफल रहा.
नगर थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के बाद नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है.
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
आरोपित के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, संबंधित पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय करने या उनके खिलाफ किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
Also Read : वाहन जांच के दौरान 172 लीटर विदेशी शराब के साथ आरोपित गिरफ्तार, कार जब्त
