Hajipur News : उच्च शिक्षा और विद्यालय स्तर पर जरूरी सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रितेश महापात्रे ने अधिकारियों एवं विश्वविद्यालय पदाधिकारियों को आवेदन सौंपा है. उन्होंने एसडीओ, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, आरपीएस कॉलेज के प्राचार्य समेत विश्वविद्यालय के डीन और कुलपति से विद्यार्थियों के हित में आवश्यक पहल करने की मांग की है.
आरपीएस कॉलेज में पीजी और वोकेशनल कोर्स शुरू करने की मांग
आवेदन में आरपीएस कॉलेज, महनार में पीजी एवं विभिन्न वोकेशनल कोर्स शुरू कराने की मांग प्रमुखता से रखी गयी है. रितेश महापात्रे ने कहा कि उच्च एवं रोजगारपरक शिक्षा के लिए महनार के विद्यार्थियों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है. स्थानीय स्तर पर ही पाठ्यक्रम शुरू होने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई का अवसर मिलेगा और समय के साथ आर्थिक खर्च की भी बचत होगी.
छात्राओं और छात्रों के स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने की मांग
एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष ने गर्ल्स हाईस्कूल और बॉयज हाईस्कूल में शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर करने की भी मांग की है. उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के साथ एनसीसी जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
विद्यार्थियों के हित में जल्द कार्रवाई की अपील
रितेश महापात्रे ने अधिकारियों एवं विश्वविद्यालय प्रशासन से दोनों मामलों में शीघ्र पहल करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर बेहतर उच्च शिक्षा और विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा.
