Hajipur News : महनार प्रखंड क्षेत्र के चमरहरा जगदीश उच्च विद्यालय स्थित बाढ़ राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों की मांग पर अब रोटी की व्यवस्था शुरू कर दी गयी है. बीमारी के कारण चावल खाने में परेशानी झेल रहे एक बुजुर्ग ने भोजन में रोटी उपलब्ध कराने की मांग की थी. इसके बाद महनार प्रशासन ने बीमार मरीजों को जरूरत के अनुसार रोटी देने का निर्देश जारी किया, जिसके बाद शिविर में रोटी मिलने लगी है.
बीमार बुजुर्ग की मांग पर प्रशासन ने लिया फैसला
राहत शिविर में रह रहे एक बुजुर्ग ने बीमारी के कारण चावल खाने में परेशानी की बात बताते हुए भोजन में रोटी उपलब्ध कराने की मांग की थी. प्रशासन ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए बीमार मरीजों की जरूरत के अनुसार रोटी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. अब शिविर में ऐसे लोगों को रोटी दी जा रही है.
सुबह-शाम मिल रहा चावल, दाल और सब्जी
शिविर में बाढ़ प्रभावित परिवारों के रहने और भोजन की व्यवस्था की गयी है. यहां सुबह और शाम चावल, दाल और सब्जी उपलब्ध करायी जा रही है. इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था का भी ध्यान रखा जा रहा है.
चिकित्सा टीम कर रही स्वास्थ्य जांच
राहत शिविर में चिकित्सा टीम भी तैनात है. टीम नियमित रूप से बाढ़ पीड़ितों के स्वास्थ्य की जांच कर जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध करा रही है. नवजात और छोटे बच्चों के लिए दूध और बिस्कुट की भी व्यवस्था की गयी है.
दरी-बिछावन और पशु चारे की भी मांग
बाढ़ पीड़ितों ने शिविर में पर्याप्त दरी-बिछावन उपलब्ध कराने के साथ मवेशियों के लिए पशु चारे की व्यवस्था कराने की मांग की है. एसडीओ अंकित कुमार के निर्देश पर शिविर में दरी, सफेदा और तकिया उपलब्ध कराया गया है.
बीडीओ और सीओ कर रहे शिविर का निरीक्षण
बाढ़ राहत शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बीडीओ मुकेश कुमार और सीओ पूजा राय समय-समय पर पहुंच रहे हैं. अधिकारी शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने के साथ उनकी समस्याओं की जानकारी भी ले रहे हैं.
