महनार बाजार में प्रतिदिन लग रहा जाम, सड़क पर खड़े ऑटो-टोटो और वाहनों से बिगड़ी यातायात व्यवस्था

महनार बाजार में अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के कारण लोग जाम से जूझ रहे हैं। प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पा रहा है।

Hajipur News : महनार बाजार में जाम की समस्या वर्षों से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. सुबह दुकानें खुलने के साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और देर शाम तक कई जगह जाम की स्थिति बनी रहती है. जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन और नगर परिषद की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण हटाने और वाहनों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाती रही है. हालांकि, कार्रवाई के कुछ दिनों बाद ही स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है.

बाजार आने वाले लोगों को होती है परेशानी

महनार प्रखंड एवं अनुमंडल मुख्यालय का यह बाजार आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है. बाजार में करीब एक हजार से अधिक दुकानें हैं और प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. लाखों रुपये के दैनिक कारोबार वाले इस बाजार से बड़ी संख्या में लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी है. इसके बावजूद जाम और अव्यवस्थित यातायात के कारण बाजार आने वाले लोगों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है.

नालों पर कब्जे से और संकरी हुई सड़क

बाजार में जलनिकासी के लिए बनाए गए नालों के ऊपर कई जगह पक्का और अस्थायी अतिक्रमण कर लिया गया है. दुकानों के शेड और सामान सड़क तक फैले रहते हैं. खाली स्थानों पर ठेले लग जाते हैं, जबकि बची हुई सड़क पर ऑटो, टोटो, ई-रिक्शा और निजी वाहन खड़े रहते हैं. इससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती है. कई जगह दो बाइक के आमने-सामने निकलने में भी परेशानी होती है.

थाना मोड़ से पटेल चौक तक रहती है परेशानी

हाजीपुर-महनार-मोहिउद्दीननगर स्टेट हाईवे पर थाना मोड़ से मदन चौक और पटेल चौक तक सड़क किनारे वाहनों के खड़े रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है. नगर परिषद की ओर से वाहन पड़ाव के लिए जगह निर्धारित की गयी है, लेकिन इसके बावजूद सड़क पर ही वाहन खड़े किए जाने की शिकायत रहती है. ‘पड़ाव वर्जित क्षेत्र’ के चिह्न और नोटिस लगाए जाने के बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है.

कार्रवाई के बाद फिर लौट जाता है अतिक्रमण

प्रशासन और नगर परिषद की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाता है. अतिक्रमण हटने के बाद कुछ दिनों तक सड़कें खुली नजर आती हैं, लेकिन कार्रवाई थमते ही दोबारा दुकानों के सामान, ठेले और वाहन सड़क पर लगने लगते हैं. इससे जाम की समस्या फिर खड़ी हो जाती है.

एनएच का काम पूरा होने पर राहत की उम्मीद

कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि समय-समय पर महनार में अतिक्रमण हटाव अभियान चलाया जाता है. नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना भी वसूला जाता है. एनएच का काम पूरा होने के बाद जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >