हाजीपुर: लालगंज रेफरल अस्पताल में शुरू हुआ दस बेड का नशा मुक्ति केंद्र, डीएम ने किया शुभारंभ

हाजीपुर के लालगंज रेफरल अस्पताल परिसर में 10 बेड वाले नशा मुक्ति केंद्र का शुभारंभ हुआ है, जो नशे से ग्रसित लोगों के लिए उपचार और परामर्श की सुविधा प्रदान करेगा। इसके साथ ही, एक ग्रामीण हाट कॉम्प्लेक्स का भी उद्घाटन किया गया है, जिससे स्थानीय पंचायत के राजस्व में वृद्धि होगी और वेंडर्स को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

Hajipur News : लालगंज रेफरल अस्पताल परिसर में शुक्रवार को 10 बेड वाले नशा मुक्ति केंद्र का शुभारंभ किया गया. केंद्र का उद्घाटन डीएम वर्षा सिंह ने फीता काटकर किया. इसके साथ ही उन्होंने बसंता जहानाबाद पंचायत के पोझिया हाट में बने ग्रामीण हाट कॉम्प्लेक्स का भी उद्घाटन किया.

जरूरत के हिसाब से बेड बढ़ायी जाएगी

डीएम ने कहा कि नशा छोड़ने की इच्छा रखने वाले लोगों के साथ प्रशासन पूरी तरह खड़ा है. नशा मुक्ति केंद्र में उपचार, दवाइयों और काउंसलिंग की समुचित व्यवस्था की गई है. जिले का कोई भी व्यक्ति यहां अपना नामांकन कराकर नशा मुक्ति का लाभ ले सकता है. उन्होंने बताया कि मरीजों को पहले एक महीने का कोर्स कराया जाएगा. जांच के बाद आवश्यकता पड़ने पर तीन महीने तक उपचार की व्यवस्था की जाएगी. भविष्य में जरूरत के अनुसार बेड की संख्या भी बढ़ाई जाएगी.

नए अस्पताल भवन में दरार की शिकायत, जांच का दिया आश्वासन

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने एक वर्ष पूर्व करोड़ों रुपये की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन की दीवारों में दरार आने की शिकायत डीएम से की. डीएम ने मौके पर भवन का निरीक्षण किया और मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया.

इस अवसर पर डीडीसी कुंदन कुमार, एसडीएम रामबाबू बैठा, प्रमुख सुधा देवी, बीडीओ कुमारी किरण, सीओ विश्वजीत कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित रेफरल अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.

ग्रामीण हाट कॉम्प्लेक्स से बढ़ेगा पंचायत का राजस्व

कार्यक्रम के बाद डीएम ने मनरेगा योजना के तहत लगभग 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित ग्रामीण हाट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.

डीएम ने कहा कि हाट कॉम्प्लेक्स में 20 वेंडर्स को दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी. दुकानों का किराया निर्धारित किया जाएगा, जिससे पंचायत को राजस्व प्राप्त होगा. वेंडर्स को व्यवस्थित स्थान मिलने से ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, वहां भी हाट कॉम्प्लेक्स निर्माण की योजना पर जिला प्रशासन विचार कर रहा है.

रोजगार सृजन को बढ़ावा पर हो रहा कार्य

विधायक संजय कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं. वहीं पंचायत के मुखिया गणेश राय ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से हाट कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन का इंतजार कर रहे थे. इसके शुरू होने से पंचायत की आय बढ़ेगी और स्थानीय व्यवसायियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sushil kumar sing

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >