वैशाली में एक ही रात चार घरों में करोड़ों की चोरी की वारदात, नकद और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

Hajipur Theft : लालगंज और करताहा थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक, 10 दिनों में 9 घरों को बनाया निशाना. पुलस जांच में जुटी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल.

Hajipur Theft : वैशाली जिले के करताहां थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. शनिवार देर रात चोरों ने घनुषी गांव के चार घरों में एक साथ धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

चार घरों को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, चोरों ने उमाकांत सिंह, अनिल सिंह, राधाकांत सिंह और बबलू सिंह के घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पीड़ितों के अनुसार, उमाकांत सिंह के घर से करीब 9 लाख रुपये नकद चोरी हुए हैं. वहीं अनिल सिंह के घर से लगभग 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया. राधाकांत सिंह और बबलू सिंह के घर से भी लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने की बात कही गई है.

सुबह खुली वारदात की पोल

रविवार सुबह जब गृहस्वामी जागे तो घर का ग्रिल और कमरों के ताले टूटे मिले. अलमारी, संदूक और गोदरेज में रखी नकदी, जेवरात और अन्य सामान गायब थे. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

डॉग स्क्वायड की मदद से जांच

सूचना पर करताहां थाना पुलिस, सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बाद में मुजफ्फरपुर से डॉग स्क्वायड की टीम बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई. पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

लगातार चोरी से ग्रामीणों में दहशत

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है. लोगों का आरोप है कि रात में पुलिस गश्त प्रभावी नहीं होने के कारण चोरों का मनोबल बढ़ गया है. ग्रामीणों का कहना है कि अब लोग रातभर जागकर घरों की निगरानी करने को मजबूर हैं.

पहले भी हो चुकी हैं कई बड़ी चोरियां

ग्रामीणों ने बताया कि हाल के दिनों में चंदवारा गांव में शंभु सिंह के घर से करीब 30 लाख रुपये के जेवर और 40 हजार रुपये नकद चोरी हुए थे. वहीं लालगंज थाना क्षेत्र के नामीडीह गांव के दो घरों और रौदीपोखर के दो मकानों में भी लाखों रुपये की चोरी हुई थी. इन मामलों में भी डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की गई, लेकिन अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही चोरी का सामान बरामद हो सका है.

पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मामलों का शीघ्र खुलासा करने, चोरी का सामान बरामद करने और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.

सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल ने बताया कि घनुषी गांव में चार घरों में चोरी की घटना हुई है. सभी घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच की गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Also Read: बिहार के इस जिले में लगेगा लिथियम-आयन बैट्री प्लांट, 30 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार, नेपाल तक होगी सप्लाई


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sushil kumar sing

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >