Hajipur SP Action : हाजीपुर पुलिस महकमे में शुक्रवार की रात एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिली है. पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा ने कार्य में घोर लापरवाही और संदिग्ध आचरण के आरोप में करताहां थाना के थानाध्यक्ष कुणाल कुमार आजाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
भ्रष्टाचार और कर्तव्यहीनता पर जीरो टॉलरेंस की नीति
इस संबंध में एसपी कार्यालय की ओर से शुक्रवार देर रात आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मामले की विस्तृत जानकारी दी गई. विज्ञप्ति के अनुसार, एसपी शुभांक मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि वैशाली पुलिस भ्रष्टाचार एवं कर्तव्यहीनता के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर दृढ़ता से कार्य कर रही है.
क्या है पूरा मामला ?
एक मामले के अनुसंधान के दौरान सामने आए तथ्यों, साक्ष्यों और प्राप्त खुफिया सूचनाओं के आधार पर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार आजाद की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई थी. मामले की इसी गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा यह सख्त कदम उठाया गया है.
पुलिस केंद्र में योगदान का निर्देश, विभागीय जांच शुरू
निलंबन की अवधि के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) कुणाल कुमार आजाद को तत्काल प्रभाव से पुलिस केंद्र, हाजीपुर में योगदान देने का सख्त निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही, उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी विधिवत शुरू कर दी गई है.
एसपी की चेतावनी
एसपी ने दो टूक शब्दों में चेताया है कि कर्तव्य पालन में कोताही बरतने या भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा. एसपी की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से जिले के पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
Also Read : हाजीपुर : बिहार सरकार की नई कैबिनेट के 100 दिन पूरे होने पर कार्यक्रम, पुष्करणी सभागार में लाइव प्रसारण
