Hajipur Crime News : हाजीपुर में कर्नाटक पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बुधवार दोपहर सराय थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में छापेमारी कर कर्नाटक में वांछित एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में आरोपी घायल हो गया. पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर में भर्ती कराया.
पुलिस को देखते ही बाइक से भागने लगा आरोपी
जानकारी के अनुसार, कर्नाटक पुलिस वांछित आरोपी अंबानी की गिरफ्तारी के लिए सराय थाना क्षेत्र पहुंची थी. पुलिस को देखते ही अंबानी अपने दोस्त अमन के साथ मोटरसाइकिल से भागने लगा. कर्नाटक पुलिस की टीम ने चार पहिया वाहन से पीछा करते हुए दामोदरपुर गांव में दोनों को घेर लिया.
भागने की कोशिश में घायल हुआ आरोपी
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया. इसी दौरान हुई झड़प और भागने की कोशिश में अंबानी घायल हो गया. घटना के बाद कर्नाटक पुलिस ने सराय थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. इसके बाद भारी सुरक्षा के बीच घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया.
98 लाख की लूट और हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अंबानी पर कर्नाटक में 98 लाख रुपये की लूट और एक हत्या में संलिप्त होने का आरोप है. कर्नाटक पुलिस पिछले कई दिनों से उसकी तलाश कर रही थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि वह जंदाहा के महिसौर निवासी अपने दोस्त अमन के यहां छिपकर रह रहा है.
पूर्व प्रमुख की हत्या में अमन भी आरोपी
बताया जाता है कि अंबानी का दोस्त अमन भी आपराधिक मामले में आरोपी है. उस पर जंदाहा प्रखंड के पूर्व प्रमुख मनीष सहनी की हत्या का आरोप है. कर्नाटक पुलिस अंबानी की तलाश में हाजीपुर पहुंची थी, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार किया गया.
स्थानीय पुलिस ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
सराय थाना अध्यक्ष ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि कर्नाटक पुलिस ने स्थानीय क्षेत्र से एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है. मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
