Hajipur News : राघोपुर के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र की चक सिंगार पंचायत जाने वाली सड़क पर नवनिर्मित पुलिया के पास मंगलवार को बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी.
पुलिया के पास बाढ़ के पानी में डूबा युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार को एक युवक पुलिया के पास से गुजर रहा था. इसी दौरान वह अचानक बाढ़ के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे डूबता देख शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और पानी में उतरकर युवक को बाहर निकाला. हालांकि, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी. घटना की जानकारी जुड़ावनपुर थाना पुलिस को दी गयी.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली.
थानाध्यक्ष ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है. मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में जानकारी जुटायी जा रही है और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
घर-घर खाना मांगकर करता था जीवनयापन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक युवक आसपास के गांवों में घर-घर खाना मांगकर अपना जीवन यापन करता था. वह क्षेत्र में अक्सर दिखाई देता था, लेकिन लोगों को उसके नाम और स्थायी पते की जानकारी नहीं थी. यही वजह है कि हादसे के बाद उसकी पहचान करने में पुलिस को परेशानी हो रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही शव की पहचान के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है. घटना के बाद इलाके में चर्चा और शोक का माहौल है.
