Hajipur News : लालगंज थाना क्षेत्र के लाल बसंता गांव स्थित वार्ड संख्या 3 में अज्ञात चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और बेटे की शादी के लिए खरीदकर रखे गये लाखों रुपये के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान चुरा ले गये. बुधवार की सुबह पड़ोसी की नजर घर के टूटे ताले पर पड़ी, जिसके बाद चोरी की घटना की जानकारी हुई.
पड़ोसी ने देखा टूटा ताला
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल गृहस्वामी को दी. घर में चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. घर के अंदर जाने पर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद स्थानीय लोगों ने लालगंज थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी.
दो दिनों से बंद था घर
जानकारी के अनुसार, लाल बसंता गांव निवासी दिनेश शर्मा का घर पिछले दो दिनों से बंद था. गृहस्वामिनी तीज पर्व को लेकर अपने मायके श्रीरामपुर गयी हुई थीं. इसी दौरान चोरों ने घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखे सामान को खंगाल डाला.
चोरों ने घर में रखे कीमती सामान और लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया. चोरी हुए सामान की कुल कीमत का आकलन अभी नहीं हो सका है.
दिसंबर में होनी है बेटे की शादी
बताया जाता है कि दिनेश शर्मा के पुत्र रोशन कुमार की शादी बीते अप्रैल माह में होनी थी. उस समय पड़ोस में हुई एक अप्रिय घटना के कारण शादी टल गयी थी. अब रोशन कुमार की शादी दिसंबर में प्रस्तावित है.
शादी को लेकर परिवार की ओर से तैयारियां की जा रही थीं. होने वाली बहू के लिए आभूषण समेत शादी में उपयोग होने वाला सामान पहले ही खरीदकर घर में रखा गया था. परिवार को उम्मीद थी कि दिसंबर में बेटे की शादी धूमधाम से होगी. इसी बीच चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर शादी की तैयारियों को बड़ा झटका दे दिया.
पुलिस जुटी चोरों की तलाश में
घटना की सूचना मिलने पर लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों का सुराग जुटाने में लगी है. वार्ड पार्षद मनीष कुमार और कृष्णा सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी.
गश्ती बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों ने पुलिस से रात के समय गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटना में शामिल चोरों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस चोरी गये सामान और घटना में शामिल आरोपितों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
