Vaishali News: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने गुरुवार को महनार पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और राहत शिविर में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. स्वास्थ्य मंत्री ने जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के साथ महनार प्रखंड के चमरहरा स्थित जगदीश उच्च माध्यमिक विद्यालय में संचालित बाढ़ राहत शिविर का विस्तृत दौरा किया.
शिविर में स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी और पशु चिकित्सा व्यवस्था का लिया जायजा
स्वास्थ्य मंत्री ने राहत शिविर में शरण लिए बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने शिविर परिसर में संचालित अस्थायी आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य जांच शिविर और पशु स्वास्थ्य जांच शिविर का निरीक्षण किया तथा तैनात कर्मियों से दवाओं एवं जांच व्यवस्था का फीडबैक लिया.
स्वास्थ्य मंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. उन्होंने शिविर में स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा.
165 महिलाओं के बीच बांटी गई राहत सामग्री
निरीक्षण के क्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने राहत शिविर में रह रही 165 महिलाओं के बीच राहत पैकेट का वितरण किया. राहत सामग्री किट में एक-एक थाली, कटोरा और ग्लास के अलावा दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुएं शामिल थीं.
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जगदीश उच्च माध्यमिक विद्यालय में बने इस शिविर में शिवनगर दियारा क्षेत्र के 272 पुरुष, 165 महिलाएं और 100 से अधिक बच्चे आश्रय लिए हुए हैं. इसके अलावा 100 से अधिक पशुओं के रहने और चारे का प्रबंध भी यहां किया गया है.
100 से अधिक बच्चे भी ले रहे आश्रय
इस अवसर पर स्थानीय विधायक महेंद्र राम, जदयू जिलाध्यक्ष रोबिन सिंह, जदयू नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, महनार एसडीओ अंकित कुमार, एसडीपीओ प्रवीण कुमार, बीडीओ मुकेश कुमार, आरओ पूजा राय, स्थानीय मुखिया अशोक कुमार सिंह, श्याम राय, राकेश रंजन सिंह उर्फ गुड्डू सिंह सहित कई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे.
Also Read: बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचा चिराग पासवान का भरोसा, राहत सामग्री का वितरण
