Encroachment in Hajipur : हाजीपुर शहर में बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. खासकर राजेंद्र चौक पर सड़क के दोनों ओर और बीच सड़क तक दुकानें सज जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति यह है कि कई जगह पैदल राहगीरों के चलने तक की जगह नहीं बची है. राजेंद्र चौक के अलावा गुदरी रोड, स्टेशन रोड और गांधी चौक समेत शहर के कई प्रमुख इलाकों में अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है.
सड़क पर चौकी लगाकर सजाया जा रहा सामान
राजेंद्र चौक पर कई दुकानदार सड़क पर ही चौकी लगाकर सामान सजा रहे हैं. कुछ जगहों पर दुकानें और चौकियां सड़क के बीच तक पहुंच गयी हैं. इससे वाहनों के आवागमन के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी हो रही है. सामान्य दिनों में भी इस इलाके में जाम की स्थिति बनी रहती है. वहीं कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर बाजार में खरीदारी बढ़ने से समस्या और गंभीर हो गयी है.
त्योहारों में बढ़ जाता है अस्थायी दुकानों का कब्जा
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगने का सिलसिला और बढ़ जाता है. त्योहार के नाम पर सड़क और फुटपाथ के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया जाता है. इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी होती है. लोगों को आशंका है कि यदि इसी तरह अतिक्रमण जारी रहा तो आने वाले दिनों में स्थिति और खराब हो सकती है और छठ पूजा तक सड़कें अतिक्रमण की चपेट में रह सकती हैं.
नियमित अभियान चलाने की मांग
राहगीरों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नियमित अभियान चलाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि केवल अभियान चलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई भी जरूरी है. नियमित कार्रवाई से यातायात व्यवस्था सुचारु होने के साथ पैदल चलने वालों को भी पर्याप्त जगह मिल सकेगी.
