(हाजीपुर से कैफ अहमद की रिपोर्ट)
Hajipur News: बालिका सशक्तिकरण एवं लैंगिक समानता को समर्पित वैशाली जिला प्रशासन की अभिनव पहल “जियो नन्ही परी” को देश के प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड से सम्मानित किया गया है. बहुस्तरीय मूल्यांकन, प्रस्तुतीकरण एवं प्रतिस्पर्धी चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद यह सम्मान वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह को प्रदान किया गया.
जिलाधिकारी की सोच से शुरू हुआ अभियान
“जियो नन्ही परी” अभियान की संकल्पना एवं नामकरण स्वयं जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने किया था. इस पहल का उद्देश्य बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में स्थापित करना, बालिका सम्मान को सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देना तथा महिला एवं बालिका सशक्तिकरण को जनभागीदारी से जोड़ना है.
हजारों परिवारों तक पहुंचा सकारात्मक संदेश
अल्प अवधि में ही यह अभियान जिले के हजारों परिवारों तक पहुंचकर सकारात्मक सामाजिक संदेश देने में सफल रहा है. बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने में इस पहल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
सुशासन और नवाचार का राष्ट्रीय सम्मान
स्कॉच अवार्ड देश में सुशासन, सामाजिक नवाचार और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिए जाने वाले सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में गिना जाता है. यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि वैशाली में प्रशासनिक नवाचार और संवेदनशील नेतृत्व के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी प्रयास किया गया है.
वैशाली की बेटियों और नागरिकों के लिए गर्व का क्षण
यह सम्मान केवल एक परियोजना अथवा किसी एक अधिकारी की उपलब्धि नहीं, बल्कि उस सोच की राष्ट्रीय मान्यता है जो प्रशासन को संवेदना, नवाचार और जनभागीदारी के साथ जोड़ती है. वैशाली की बेटियों, महिलाओं और आम नागरिकों के लिए यह उपलब्धि गर्व और प्रेरणा का विषय है.
