Hajipur News: (कैफ अहमद) ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर समाहरणालय स्थित पुष्कर्णी सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई . बैठक में पूर्व वर्षों में पर्व के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों तथा संवेदनशील स्थलों की समीक्षा की गई.
प्रशासन ने पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है . इसके तहत पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन स्थानों पर मेले का आयोजन होता है अथवा अधिक भीड़ एकत्रित होती है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल, गश्ती दल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी.
प्रशासन ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था पर जोर
बैठक में साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई . संबंधित नगर निकायों एवं कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पर्व से पहले और पर्व के बाद विशेष सफाई अभियान चलाया जाए.
साथ ही संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए विद्युत विभाग को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
अफवाह और हुड़दंग फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को शरारती तत्वों और असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है.
किसी भी प्रकार की अफवाह, नशाखोरी, हुड़दंग अथवा विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है.
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
बैठक में निर्णय लिया गया कि 28, 29 और 30 मई तक सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क एवं सक्रिय रहेंगे.
मेले के आयोजन की स्थिति में संबंधित आयोजकों को पूर्व सूचना अनुमंडल पदाधिकारी को देना अनिवार्य होगा. बिना अनुमति के लाउडस्पीकर के उपयोग की अनुमति नहीं होगी तथा डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही झूला एवं अन्य मनोरंजन साधनों के संचालन की अनुमति दी जाएगी.
शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील
प्रशासन ने विश्वास जताया कि प्रशासन और आमजन के सहयोग से ईद-उल-अजहा का पर्व जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न होगा.
बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, विशेष कार्य पदाधिकारी, वरीय उपसमाहर्ता, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि एवं समाज के लोग उपस्थित रहे.
Also Read : Hajipur News : खेत से लौट रहे किसान को बाइक ने रौंदा, मौके पर मचा हड़कंप
