Hajipur News (कैफ अहमद की रिपोर्ट): हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 में चोरों के हौसले बुलंद हैं. यहाँ राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, जढ़ुआ के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र प्रसाद सिंह केसरी के बंद घर का फायदा उठाकर चोरों ने खिड़की तोड़ी और भीतर दाखिल हो गए. घटना के संबंध में पीड़ित हेडमास्टर ने सदर थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि वे 29 मई को अपनी पत्नी के साथ एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देसरी के गाजीपुर गए हुए थे.
किराएदार ने चोर को रंगेहाथ पकड़ने की कोशिश की
आवेदन के अनुसार, प्रधानाध्यापक 30 मई को स्कूल ड्यूटी करने के बाद शाम को घर लौटे थे. इसके बाद वे घर में ताला बंद कर चाबी अपने भरोसेमंद किराएदार को सौंपकर पत्नी को वापस लाने फिर से देसरी चले गए. रात के समय किराएदार को घर के भीतर से कुछ आवाजें सुनाई दीं. जब किराएदार अपने परिवार के साथ प्रथम तल्ले पर पहुंचा और दरवाजा खोलकर अंदर देखा, तो लाल टी-शर्ट, हाफ पैंट पहने और गमछे से मुंह ढके एक चोर अलमारी से सामान निकाल रहा था. किराएदार को देखते ही चोर घर की दक्षिण दिशा की तरफ भाग निकला. इसके बाद किराएदार ने रात करीब 3:15 बजे घटना की जानकारी मकान मालिक को दी.
सोने के जेवरात और नकदी लेकर भागा चोर
सूचना मिलते ही जब प्रधानाध्यापक वापस अपने घर पहुंचे, तो देखा कि चोरों ने खिड़की तोड़कर वारदात को अंजाम दिया है. चोर अलमारी से एक सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी और करीब 10 हजार रुपये नगद समेटकर फरार हो चुके थे. पीड़ित वीरेंद्र प्रसाद सिंह केसरी ने बताया कि उनके घर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. इससे पहले बीते साल 15 अक्टूबर 2025 को भी ठीक इसी तरह खिड़की तोड़कर चोरी की गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी. महज 7 महीने के भीतर दोबारा हुई इस घटना से पूरा परिवार बेहद डरा हुआ है.
सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
एक ही घर में बार-बार हो रही चोरी की वारदात से स्थानीय पुलिस की गश्ती पर भी सवाल उठ रहे हैं. इधर, घटना की लिखित शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोर की पहचान के लिए हर संभावित सुराग को खंगाला जा रहा है. चोरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
Also Read: हाजीपुर में कांग्रेस ने दिखाया दम: प्रदेश अध्यक्ष के भव्य स्वागत से सियासी हलचल तेज
