Hajipur News: पंचायती बनी रणक्षेत्र, दो पक्षों के बीच खूनी जंग, एक दर्जन लोग घायल

Hajipur News: तलवार-फरसा चलने से महिलाओं समेत एक दर्जन लोग घायल, कई रेफर

Hajipur News:(विनय पटेल) बेलसर थाना क्षेत्र के नगवां गांव में मंगलवार की सुबह भूमि विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायती अचानक रणक्षेत्र में बदल गई. पंचायत प्रतिनिधियों के सामने ही दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई. घटना में महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए.

पंचायत के दौरान भड़का विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगवां पंचायत में लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद को लेकर मंगलवार की सुबह पंचायत बुलाई गई थी. पंचायत का नेतृत्व सरपंच प्रतिनिधि क्रांति पटेल एवं मुखिया प्रतिनिधि विंदा सिंह कर रहे थे. दोनों पक्षों के लोग विवाद के समाधान के लिए जुटे थे और बातचीत चल रही थी.

इसी दौरान एक पक्ष के जैनुल टेलर और दूसरे पक्ष के रफाकत हुसैन के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग उग्र हो उठे.

लाठी-डंडा, तलवार और फरसा से हमला

आरोप है कि रफाकत हुसैन के समर्थकों ने पंचायती के बीच ही जैनुल टेलर पर हमला बोल दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडा, तलवार और फरसा लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े. अचानक हुए हमले और हथियार निकलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हालात बिगड़ते देख पंचायत प्रतिनिधि और पंच वहां से हट गए.

महिलाओं समेत कई लोग घायल

मारपीट में एक पक्ष के हसन रजा, नूरुल होदा, अली राजा, जाकिर हुसैन और शबाना खातून घायल हुए हैं. वहीं दूसरे पक्ष के रफाकत हुसैन, मन्नान, सज्जाद हुसैन, रौशन खातून और मो. फारूक समेत अन्य लोग जख्मी बताए गए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद बेलसर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस दोनों पक्षों से आवेदन लेकर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है.

Also Read: Gopalganj News: थावे मंदिर पुनरुद्धार कार्य में देरी पर बड़ा एक्शन, पर्यटन निगम के इंजीनियर हटाने का आदेश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >