पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, युवक को मारी तीन गोली

Hajipur News: हाजीपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान आईटीबीपी जवान ने अपने ममेरे भाई को तीन गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है। मामले में जमीन और पारिवारिक विवाद को लेकर जांच जारी है.

Hajipur News:(शेखर शुक्ला की रिपोर्ट) हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के आरएन कॉलेज समता कॉलोनी स्थित शैलेश चौक के पास शनिवार सुबह करीब 6 बजे पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में किराना दुकानदार जितेंद्र कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए PMCH, पटना रेफर कर दिया गया.

आईटीबीपी जवान ने चलाई गोली

पुलिस के अनुसार, समता कॉलोनी निवासी जितेंद्र कुमार सिंह को उसके फुफेरे भाई शैलेंद्र कुमार उर्फ रोहित, जो Indo-Tibetan Border Police (आईटीबीपी) में जवान हैं, ने घर बुलाया था. दोनों के बीच पारिवारिक और जमीन विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गई.

पहले चाकू से हमला, फिर पिस्टल से फायरिंग

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान जितेंद्र ने कथित रूप से शैलेंद्र पर चाकू से हमला किया. इसके बाद शैलेंद्र ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं, जिससे जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद मची अफरा-तफरी, आरोपी गिरफ्तार

गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शैलेंद्र कुमार सिंह को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक रिवॉल्वर और एक चाकू बरामद किया गया है.

एसडीपीओ ने लिया जायजा, कई पहलुओं पर जांच जारी

घटना की सूचना मिलने पर सदर-1 के एसडीपीओ सुबोध कुमार अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। घायल जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसे घर बुलाकर गोली मारी गई। वहीं आरोपी के पैर पर भी चाकू के निशान पाए गए हैं. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव, पत्नी से विवाद और जमीन विवाद जैसी बातें सामने आई हैं, लेकिन किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

एफएसएल टीम कर रही जांच

घटनास्थल पर नगर थाना पुलिस, एसडीपीओ और एफएसएल टीम द्वारा जांच और निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

ALSO READ: छपरा में नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या, दहेज का आरोप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By karunatiwari

करुणा तिवारी बिहार के आरा, वीर कुंवर सिंह की धरती से आती हैं। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की। 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है। अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं, ताकि सशक्त और प्रभावी पत्रकारिता के माध्यम से समाज तक सच्चाई पहुंचा सकें।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >