हाजीपुर में सफाई व्यवस्था की खुली पोल, खुले नाले और गंदगी से बेहाल हुए लोग

Bihar News :हाजीपुर के वार्ड नंबर 19 में खुले नाले, जलजमाव और कचरे की दुर्गंध से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. थाना चौक, हॉस्पिटल रोड और क्रांति चौक इलाके में गंदगी और बदहाल सड़कों के कारण स्थानीय लोगों में नगर परिषद के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है.

Bihar News: (देवेंद्र गुप्त की रिपोर्ट) वैशाली में खुले नाले और गंदगी से लोगों की बढ़ी परेशानी. हाजीपुर शहर के वार्ड नंबर 19 में खुले नाले और सड़क पर बहते गंदे पानी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना चौक से हॉस्पिटल रोड और क्रांति चौक से थाना चौक तक की सड़क पर हालात बेहद खराब हैं. नालों से उठती दुर्गंध के कारण लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो गया है.

बरसात से पहले ही जलजमाव की स्थिति

वार्ड के कई इलाकों में पक्के नाले नहीं होने के कारण सड़कों पर हमेशा जलजमाव बना रहता है. बरसात का मौसम आने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है. रिहायशी क्षेत्रों में सड़क पर गंदा पानी बहने से आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों पहले बने नाले और सड़कें अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं.

क्रांति चौक-थाना चौक रोड की हालत बदतर

क्रांति चौक से थाना चौक जाने वाली सड़क पर कीचड़ और गंदगी के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. स्थानीय निवासियों के अनुसार सीवरेज निर्माण के दौरान सड़क की खुदाई की गई थी, लेकिन बाद में उसकी ठीक से मरम्मत नहीं हुई. नाले की उड़ाही के बाद सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ फैल गया है.

घनी आबादी के बीच कचरे का अंबार

पूर्वी नूनगोला और आसपास के मोहल्लों में रिहायशी इलाके के बीच कचरा डंप होने से लोगों को भारी दुर्गंध और प्रदूषण झेलना पड़ रहा है. टाउन मिडिल स्कूल के पास कचरे का ढेर लगने से स्थानीय लोग और स्कूली बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं.

स्कूलों और थाना इलाके के पास भी बदहाल स्थिति

वार्ड 19 में नगर थाना के अलावा कई सरकारी स्कूल मौजूद हैं, लेकिन साफ-सफाई और नाला व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है. नगर थाने के सामने खुले नाले और बिना स्लैब वाले खनुआ नाला से उठती दुर्गंध के कारण आसपास का माहौल दूषित हो गया है.

नगर परिषद पर लोगों की नाराजगी

स्थानीय लोगों और वार्ड के पूर्व पार्षद हैदर अली ने कहा कि ड्रेनेज और कचरा प्रबंधन पूरे शहर की बड़ी समस्या बन चुकी है.लोगों का आरोप है कि नगर परिषद की ओर से सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिससे लोगों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है.

Also Read: जहानाबाद में स्थित झारखंडी नाथ मंदिर की अनोखी कहानी: द्वापर युग से जुड़ी मान्यता, आस्था का बना अद्भुत केंद्र

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ragini Shamra

Ragini Shamra is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >