आम की मिठास हुई महंगी, मौसम ने किसानों की कमाई पर फेरा पानी

Hajipur News : आम की मिठास पर महंगाई का असर, इस साल बढ़े दाम ने बिगाड़ी रसोई का बजट

हाजीपुर से विनय पटेल की रिपोर्ट
Hajipur News : फलों का राजा कहे जाने वाले आम की मिठास इस वर्ष लोगों को महंगी पड़ रही है. मौसम की बेरुखी से पटेढी बेलसर प्रखंड क्षेत्र के अधिकांश आम के बगीचों में इस बार अपेक्षित फलन नहीं हुआ. कई बगीचों में आम के पेड़ों पर मंजर ही नहीं आए, जबकि जिन पेड़ों में मंजर निकले भी, उनमें फल बहुत कम लगे. इसका सीधा असर किसानों, व्यापारियों और आम प्रेमियों पर पड़ा है. क्षेत्र के आम उत्पादक किसानों का कहना है कि हर वर्ष आम की अच्छी पैदावार से आय प्राप्त होती थी, लेकिन इस बार मौसम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. बगीचों में पेड़ों की संख्या तो पहले जैसी रही, लेकिन फलन बेहद कम होने के कारण उत्पादन में भारी गिरावट दर्ज की गई है. किसानों के अनुसार समय पर अनुकूल तापमान और मौसम नहीं मिलने से पेड़ों में मंजर कम आए, जिसके कारण फल भी पर्याप्त मात्रा में विकसित नहीं हो सके.

बयाना देकर खरीदे गए बागानों में कम फलन से बढ़ी व्यापारियों की चिंता

आम की कम पैदावार का असर व्यापारियों पर भी दिखाई दे रहा है. व्यापारियों ने मौसम की शुरुआत में किसानों को बयाना देकर बगीचे खरीद लिए थे. उस समय अच्छी फसल की उम्मीद थी, लेकिन अब बगीचों में फल कम होने के कारण व्यापारी किसानों को वास्तविक फलन के आधार पर ही भुगतान करने की बात कर रहे हैं. इससे किसानों की आर्थिक चिंता और बढ़ गई है. उधर, बाजार में आम की आवक कम होने से कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. ग्रामीण क्षेत्रों के खुदरा बाजारों में कोई भी आम 50 रुपये प्रति किलोग्राम से कम कीमत पर उपलब्ध नहीं है. साधारण किस्म की बीजू आम भी 50 रुपये प्रति किलो बिक रही है, जबकि लोकप्रिय मालदह आम की कीमत 80 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है.फिलहाल बाजार में जर्दालू और बम्बई किस्म के आम ही प्राकृतिक रूप से पककर पहुंच रहे हैं.

अचार के आम भी महंगे, सुकुल किस्म 60 रुपये किलो तक पहुंची

अन्य किस्मों के अधिकांश आमों को रासायनिक पदार्थों की मदद से पकाकर बाजार में बेचा जा रहा है. मालदह आम के पेड़ों पर लगे फल भी अभी पूरी तरह नहीं पके हैं और उन्हें पकने में चार से पांच दिन और लगने की संभावना है. केवल खाने वाले आम ही नहीं, अचार बनाने के लिए उपयोग किए जाने वाले सुकुल आम के दाम भी आसमान छू रहे हैं. बाजार में अचार वाले आम 50 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहे हैं. कुल मिलाकर इस वर्ष आम की कम पैदावार ने क्षेत्र में आम की चर्चा स्वाद से अधिक उसकी बढ़ती कीमतों को लेकर हो रही है.

Also Read : विश्व साइकिल दिवस पर दाउदनगर में “संडेज ऑन साइकिल” राइड का आयोजन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >