हाजीपुर में डायल 102 एम्बुलेंस लोगों की सुविधा के लिए है, शिकायत नहीं मिलनी चाहिए : डीएम

Hajipur News: एम्बुलेंस सेवा में लापरवाही पर जताई नाराजगी, निर्बाध संचालन के दिए निर्देश

(हाजीपुर से कैफ अहमद की रिपोर्ट)

Hajipur News: हाजीपुर में डायल 102 एम्बुलेंस सेवा की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यह सेवा आम लोगों की सुविधा और आपातकालीन जरूरतों को पूरा करने के लिए है. इसके संचालन को लेकर किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को एम्बुलेंस सेवा को पूरी तरह सुचारू और प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया.

समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने की शिकायतों पर जताई चिंता

सदर अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक आमजनों को निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने को लेकर डायल 102 एम्बुलेंस के प्रबंधक के साथ समीक्षा बैठक की गई. बैठक में बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग एवं राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार द्वारा जिले में कुल 69 एम्बुलेंस संचालित की जा रही हैं.

जिलाधिकारी ने कहा कि हाल के दिनों में मरीजों को समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने तथा कई एम्बुलेंसों में तकनीकी खराबी की शिकायतें मिली हैं. यह गंभीर मामला है और इसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता.

सभी एम्बुलेंसों का होगा सत्यापन

बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक को निर्देश दिया गया कि डायल 102 सेवा के तहत संचालित सभी एम्बुलेंसों की सूची चालक एवं ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) के विवरण सहित उपलब्ध कराई जाए. इसके आधार पर सभी वाहनों का एमवीआई से सत्यापन कराया जाएगा.

नियमित रखरखाव पर दिया जोर

जिलाधिकारी ने एम्बुलेंस संवेदक को निर्देश दिया कि सभी वाहनों का नियमित रखरखाव और तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि सेवा संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस सेवा एक आपातकालीन सेवा है, इसलिए इसकी गुणवत्ता और उपलब्धता हर हाल में बनाए रखना संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी है.

स्वास्थ्य संस्थानों से टैग होंगी एम्बुलेंस

बैठक में सभी एम्बुलेंसों को विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से टैग करने का भी निर्देश दिया गया. इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से कम समय में एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी.

अस्पताल प्रबंधकों को भी दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों के अस्पताल प्रबंधकों एवं स्वास्थ्य प्रबंधकों को डायल 102 एम्बुलेंस सेवा के संचालन में विशेष रुचि लेने तथा समय-समय पर इसकी निगरानी और जांच करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.

Also Read: गोपालगंज में 38 डिग्री तापमान का कहर, जिले में वायरल फीवर का प्रकोप, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >