वैशाली: बिजली बिल अपडेट के नाम पर महिला से 50 हजार की साइबर ठगी, पुलिस ने पूरी रकम कराई वापस

Vaishali News: वैशाली में बिजली विभाग का फर्जी कर्मचारी बनकर एक महिला से ₹50 हजार की साइबर ठगी हुई. हालांकि, पुलिस की तत्परता से पूरी रकम पीड़ित के खाते में वापस आ गई. जानिए पूरी घटना और कैसे आप ऐसे फ्रॉड से बच सकते हैं.

Vaishali News: वैशाली जिले के हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों के झांसे में आकर एक महिला के खाते से अवैध रूप से उड़ाए गए 50 हजार रुपये को वैशाली साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वापस करवा दिया है. पुलिस की इस त्वरित तकनीकी कार्रवाई से पीड़िता को बहुत बड़ी आर्थिक राहत मिली है. साइबर अपराधी बिजली विभाग का फर्जी कर्मचारी बनकर लोगों को निशाना बना रहे हैं.

सीए नंबर अपडेट का झांसा

इस संबंध में नगर थाना क्षेत्र के आशियाना कॉलोनी, बागमली निवासी मोहम्मद शफीक की पुत्री हिना परवीन ने बताया कि बीते 31 दिसंबर 2025 की रात करीब 8:28 बजे उनके भाई शाहनवाज के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था. फोन करने वाले शातिर ने खुद को बिजली विभाग का मुख्य कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपका बिजली बिल का उपभोक्ता (सीए) नंबर सिस्टम में अपडेट नहीं है.

व्हाट्सएप पर भेजा फर्जी लिंक

ठग ने कहा कि इसे तुरंत अपडेट करने के लिए मात्र 100 रुपये का एक टोकन रिचार्ज करना होगा. हिना को पूरा भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से 'इलेक्ट्रिसिटी बिल अपडेट एपीके' (APK) नाम का एक संदिग्ध लिंक भेजा. घर में ठीक एक महीने पहले ही नया स्मार्ट बिजली मीटर लगा था, इसलिए हिना को इस कॉल पर कोई शक नहीं हुआ.

रिचार्ज करते ही फोन हैंग

उन्होंने झांसे में आकर दिए गए लिंक के माध्यम से अपने यूपीआई (UPI) पिन का उपयोग कर 100 रुपये का रिचार्ज कर दिया. रिचार्ज की प्रक्रिया पूरी करते ही उनका एंड्रॉइड फोन अचानक पूरी तरह हैंग हो गया. कुछ देर बाद जब फोन सामान्य हुआ तो उनके होश उड़ गए. उन्होंने देखा कि बैंक ऑफ़ बड़ौदा के खाते से 100 रुपये के साथ-साथ 50 हजार रुपये की बड़ी राशि कट चुकी थी.

हेल्पलाइन 1930 पर दी सूचना

खाते से पैसे कटने और साइबर ठगी का अहसास होते ही हिना ने बिना कोई वक्त गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई. समय पर शिकायत दर्ज होने के कारण राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से बैंक को तुरंत अलर्ट चला गया और ठगी गई 50 हजार रुपये की राशि को संबंधित बैंक स्तर पर तुरंत होल्ड करने का मैसेज मिल गया.

पूरी राशि खाते में वापस

साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी चांदनी सुमन ने बताया कि पीड़िता की शिकायत मिलते ही साइबर थाने की तकनीकी टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई. पुलिस ने संबंधित बैंक के नोडल अधिकारियों से त्वरित समन्वय स्थापित कर ठगी गई पूरी 50 हजार रुपये की राशि को पूरी तरह होल्ड कराकर पीड़िता के खाते में सुरक्षित वापस करवा दिया है. पैसे वापस मिलने पर पीड़िता ने पुलिस को धन्यवाद दिया.

Also Read: वैशाली के बिदुपुर में शॉर्ट सर्किट से किराना दुकान में भीषण आग, 5 लाख का सामान जलकर राख


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vikash Jha

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >