Hajipur News : श्रावण पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार की शाम हाजीपुर के कौनहारा घाट स्थित नमामि गंगे घाट पर नगर परिषद हाजीपुर की ओर से भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा. धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
विधायक और नगर परिषद सभापति करेंगे शुभारंभ
कार्यक्रम में हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह एवं नगर परिषद की सभापति डॉ. संगीता कुमारी मुख्य रूप से शामिल होंगी. गंगा पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ गंगा आरती का शुभारंभ होगा. वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और भजन-कीर्तन के बीच मां गंगा की भव्य आरती श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी.
सैकड़ों दीपों से जगमगाएगा नमामि गंगे घाट
श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस विशेष गंगा आरती के लिए नमामि गंगे घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. शाम होते ही सैकड़ों दीपों की रोशनी से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो जाएगा. आयोजन को लेकर नगर परिषद की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं.
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के किए गए इंतजाम
नगर परिषद ने गंगा आरती में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं. घाट परिसर में भीड़ प्रबंधन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
नगर परिषद हाजीपुर ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से गंगा आरती में शामिल होकर मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है. नगर परिषद का कहना है कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ हाजीपुर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगा.
Also Read : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राकेश कुमार सिंह ने किया स्वागत
