Hajipur News : लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देश पर चलाये जा रहे ‘चिराग का भरोसा’ अभियान के तहत प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री का वितरण किया गया. बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय सिंह ने स्वयं बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ित परिवारों का हाल जाना और उनके बीच सूखा राशन, खाद्य सामग्री तथा दैनिक जरूरत के सामान वितरित किये.
सड़कें डूबीं तो नाव से बाढ़ प्रभावित बस्तियों तक पहुंचे मंत्री
मंत्री संजय सिंह ने राघोपुर के अत्यंत प्रभावित जुड़ावनपुर ठंडा टोला और जुड़ावनपुर करारी का सघन दौरा किया. बाढ़ के कारण सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित होने पर उन्होंने नाव के जरिए जलमग्न बस्तियों तक पहुंच बनाई. इस दौरान उन्होंने सीधे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली.
सूखा राशन और जरूरी सामान का किया गया वितरण
बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच मंत्री ने सूखा राशन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरत का सामान वितरित किया. राहत सामग्री मिलने से बाढ़ के बीच प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता मिली. अभियान के तहत आगे भी जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने की बात कही गयी.
चिराग पासवान के निर्देश पर चल रहा राहत अभियान
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री संजय सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री और लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का स्पष्ट निर्देश है कि ‘चिराग का भरोसा’ अभियान के तहत कोई भी बाढ़ पीड़ित भूखा या असहाय न रहे. उन्होंने कहा कि सरकार और पार्टी जनता की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित है.
गंभीर स्थिति वाले इलाकों में हर प्रभावित परिवार तक मदद का दावा
मंत्री ने कहा कि जुड़ावनपुर ठंडा टोला और करारी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर है. ऐसे में प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाढ़ पीड़ितों की जरूरत के अनुसार मदद पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा.
राहत वितरण के दौरान ये लोग रहे मौजूद
राहत सामग्री वितरण के दौरान नेता अवधेश कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव राजकुमार पासवान, युवा प्रदेश महासचिव संतोष शर्मा, श्रीकांत पासवान, संजय चौधरी, रीता देवी, रामजीवन पासवान, गोपाल पासवान, अनिल कुशवाहा, कृष्ण मुरारी, अजीत चंद्रवंशी, सुधीर कुमार यादव, जेडी यादव, मंटू राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
