वैशाली के महुआ गणपति महोत्सव में उमड़ी भारी भीड़: 'भूत बंगला' पंडाल बना आकर्षण का मुख्य केंद्र, 30 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

महुआ के ऐतिहासिक कालीघाट मंदिर परिसर में गणपति महोत्सव में भारी भीड़ उमड़ रही है. इस बार का 'भूत बंगला' पंडाल लोगों के बीच सेल्फी और वीडियो बनाने का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है. 30 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा और मेले के अन्य आकर्षण भी लोगों को लुभा रहे हैं.

महुआ (वैशाली). अनुमंडल सह नगर परिषद बाजार स्थित ऐतिहासिक कालीघाट मंदिर परिसर में चल रहे 10 दिवसीय गणपति महोत्सव में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है. महोत्सव के उपलक्ष्य में लगे भव्य मेले में महुआ के अलावा जिले के दूर-दराज प्रखंडों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. इस बार मेले में बनाया गया अनोखा 'भूत बंगला' पंडाल दर्शकों के आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है. इस कलात्मक पंडाल के अद्भुत दृश्यों को देखने के बाद लोग सेल्फी और वीडियो बनाने के लिए लालायित दिख रहे हैं.

पेड़ों पर लटकते भूतों के दृश्य देख सहम रहे दर्शक

स्थानीय ग्रामीणों और पूजा समिति के सहयोग से यह महोत्सव 15 से 25 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है. रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण सुबह से ही कालीघाट मेला परिसर में जनसैलाब उमड़ पड़ा. भूत बंगला पंडाल के भीतर पीपल व अन्य विशालकाय पेड़ों पर अत्याधुनिक लाइटिंग और विशेष इफेक्ट्स के जरिए भूतों के डरावने दृश्य जीवंत किए गए हैं. इन दृश्यों को देखकर बच्चे और महिलाएं जहां रोमांचित हो रहे हैं, वहीं कई दर्शक अचानक डर भी जा रहे हैं.

30 फीट ऊंची प्रतिमा, मीना बाजार और झूले भी बने खास

मेले में स्थापित भगवान गणेश की 30 फीट ऊंची भव्य व मनोहारी प्रतिमा श्रद्धालुओं को दूर से ही आकर्षित कर रही है. इसके साथ ही मेले में लगे मीना बाजार, विभिन्न प्रकार के ऊंचे झूले, सर्कस, जलपरी शो और पारंपरिक मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारों की भारी गहमागहमी नजर आ रही है. विशेषकर महिलाओं और युवाओं की टोली भूत बंगला के रोमांचक अनुभव और मेले के व्यंजनों का जमकर लुत्फ उठा रही है.

कलाकृतियों को न छूने की अपील, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मेला समिति के सक्रिय सदस्य रोशन आनंद बाबा ने दर्शकों से अनुशासित रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में मेले का आनंद लें और पंडाल में लगाई गई भूत-प्रेत की कलाकृतियों व तकनीकी सजावट को हाथ न लगाएं. उधर, मेले में उमड़ रहे जनसैलाब को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है. थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल और महिला जवानों की तैनाती की गई है.

Also Read: वैशाली जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की वार्षिक आमसभा: एकमुश्त समझौता योजना से ऋण ब्याज में मिलेगी भारी छूट, 31 दिसंबर तक मौका

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दिलीप कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >