हाजीपुर : हसनपुर तीनमुहानी तटबंध पर बढ़ रहा दबाव, संवेदनशील स्थलों पर फ्लड फाइटिंग तेज

गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण महनार के हसनपुर तीनमुहानी तटबंध पर दबाव बढ़ गया है। जल संसाधन विभाग की टीम लगातार निरीक्षण कर रही है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।

Flood In Vaishali : वैशाली जिले के महनार में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए महनार इलाके में तटबंधों की निगरानी तेज कर दी गई है. शनिवार की देर रात जल संसाधन विभाग के अभियंताओं की टीम ने महनार-हसनपुर बॉर्डर से लेकर महनार नगर के लाहौरीचक गंगा घाट तक तटबंधों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान हसनपुर तीनमुहानी तटबंध पर बढ़ रहे दबाव का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई.

रात में रोशनी, पुलिस बल की तैनाती

जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता पंकज कुमार के नेतृत्व में कनीय अभियंता अमरेंद्र कुमार, विक्की कुमार समेत पुलिस बल ने देर रात तटबंध का निरीक्षण किया. तटबंध की सुरक्षा को लेकर विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है. रात में निगरानी के लिए तटबंध के किनारे रोशनी की व्यवस्था की गई है. पुलिस के जवानों को भी तटबंध पर तैनात किया गया है, जो लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं.

संवेदनशील स्थलों पर फ्लड फाइटिंग शुरू

कनीय अभियंता अमरेंद्र कुमार ने बताया कि गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है. इसे देखते हुए संवेदनशील स्थलों पर फ्लड फाइटिंग का कार्य कराया जा रहा है. विभागीय टीम लगातार तटबंधों की स्थिति पर नजर रख रही है. कहीं भी खतरे की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

कई स्थानों पर लगातार निगरानी

जल संसाधन विभाग की टीम हसनपुर बॉर्डर से लेकर हावड़ा, अलीपुर हट्टा-हटवा बांध, उजागर पासवान टोला, मजलिसपुर, चकेशो, देशराजपुर, गरीबनसिंह घाट, जंगलिया टोला, फतेहपुर कमाली, महनार घाट होते हुए लाहौरीचक घाट तक लगातार निरीक्षण कर रही है. तटबंधों के अलावा नदी के दबाव वाले संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है.

अलर्ट मोड में अभियंता और कर्मी

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ की किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए अभियंताओं और कर्मियों को अलर्ट मोड में रखा गया है. रात-दिन तटबंधों की निगरानी की जा रही है, ताकि समय रहते किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >