हाजीपुर में बाढ़ राहत कार्य तेज, 17,100 ड्राई राशन पैकेट वितरित; 22 स्थायी स्वास्थ्य शिविर संचालित

वैशाली जिले में गंगा-गंडक का जलस्तर घटने के बाद भी राहत और स्वास्थ्य सेवाएं जारी हैं। प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक रसोई और शिविर लगाए हैं।

Hajipur News : जिले में गंगा और गंडक नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है, लेकिन राघोपुर, हाजीपुर, महनार, देसरी, सहदेई बुजुर्ग और बिदुपुर समेत छह प्रखंड अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं. इसके अलावा दो नगर निकाय क्षेत्र भी बाढ़ की चपेट में हैं. प्रभावित इलाकों में आवागमन और राहत कार्यों के लिए 274 नावों का परिचालन किया जा रहा है. बाढ़ से प्रभावित आबादी करीब तीन लाख बतायी गयी है. बुधवार को पुष्करणी सभागार में डीएम वर्षा सिंह ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ आपदा संबंधी प्रेस वार्ता कर राहत और बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी.

तीन लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित, 274 नावों से जारी है राहत

डीएम ने बताया कि जिले के प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही और राहत सामग्री पहुंचाने के लिए 274 नावों का परिचालन किया जा रहा है. प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत, बचाव, स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा सेवाओं को लगातार संचालित किया जा रहा है.

34 सामुदायिक रसोई में मिल रहा प्रभावितों को भोजन

बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिले में 34 सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं. इसके अलावा दो राहत शिविर भी चल रहे हैं. इनमें एक जीएबी कॉलेज और दूसरा गंगा ब्रिज, हाजीपुर में संचालित है. प्रशासन का प्रयास है कि प्रभावित परिवारों को जरूरत के अनुसार भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सकें.

22 स्थायी स्वास्थ्य शिविरों में करीब तीन हजार मरीजों का इलाज

प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 22 स्थायी स्वास्थ्य शिविर संचालित किये जा रहे हैं. जरूरत के अनुसार सात नाव एंबुलेंस भी चलायी जा रही हैं. अब तक करीब तीन हजार मरीजों का उपचार किया जा चुका है. प्रभावित लोगों के बीच आवश्यक दवाओं का वितरण भी लगातार किया जा रहा है.

10 पशु चिकित्सा शिविरों में 800 पशुओं का इलाज

बाढ़ प्रभावित छह प्रखंडों में पशुओं के स्वास्थ्य और संरक्षण के लिए 10 पशु चिकित्सा शिविर संचालित किये जा रहे हैं. इन शिविरों में अब तक करीब 800 पशुओं का उपचार किया गया है. पशुपालकों को राहत देने के लिए करीब 70,000 किलो पशु चारा भी वितरित किया जा चुका है. पशु चिकित्सा और उपचार के लिए पशुपालन विभाग की ओर से आठ एंबुलेंस वैन भी चलायी जा रही हैं.

17,100 ड्राई राशन पैकेट बांटे गये, पांच हजार पैकेट स्टॉक में

डीएम ने बताया कि अब तक करीब 17,100 ड्राई राशन पैकेट प्रभावित परिवारों के बीच वितरित किये जा चुके हैं. वर्तमान में जिले में करीब पांच हजार ड्राई राशन पैकेट का स्टॉक उपलब्ध है. जरूरत के अनुसार इन पैकेटों को तैयार कर प्रभावित परिवारों के बीच वितरित किया जा रहा है.

पांच हजार मेडिकल किट का वितरण, 12 हजार हैलोजन टैबलेट बांटे

बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच अब तक पांच हजार मेडिकल किट वितरित किये जा चुके हैं, जबकि पांच हजार मेडिकल किट अभी स्टॉक में उपलब्ध हैं. इसके अलावा प्रभावित परिवारों के बीच करीब 12 हजार हैलोजन टैबलेट का भी वितरण किया जा चुका है.

राहत कार्यों की लगातार हो रही निगरानी

प्रेस वार्ता के दौरान डीएम वर्षा सिंह ने जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति के साथ प्रशासन की ओर से किये जा रहे राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार राहत, स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा सेवाओं को जारी रखा गया है.

प्रेस वार्ता में कई अधिकारी रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, वैशाली, अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.

फोटो -4- कौनहारा बाईपास सड़क पर पानी | Prabhat Khabar Network
फोटो -5- प्रेस वार्ता करते डीएम | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >